ग्वालियर। ग्वालियर में अब पुलिस अफसर बिना वर्दी के पिस्टल लगाकर नहीं घूम सकते हैं। पिस्टल को भी डोरी से बांधकर रखना होगा। इसके अलावा, बिना परमिशन के कोई बिना वर्दी में मिलता है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई नियमों का उल्लंघन करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।
एसपी सांघी का कहना है कि नामांकित कर्मचारियों को छोड़कर यदि किसी भी थाने का कर्मचारी बिना वर्दी में ड्यूटी करते हुए मिलता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। इस नियम का पालन कराने के लिए थाना पुलिस को आदेश भी जारी कर दिया है। अमूमन देखा गया है कि पीएचक्यू से थाने का स्क्वाड समाप्त कर दिया गया है। इसके बाद भी थाना प्रभारी से नजदीकी रखने वाले पुलिस जवान बिना वर्दी के ड्यूटी करते और कमर में पिस्टल लगाकर रौब गांठते हैं।

सिर्फ विशेष काम करने वालों को छूट
कप्तान ने कहा कि केवल थानों में सूचना जुटाने या अन्य विशेष तरह के काम करने वाले पुलिसकर्मियों को ही इसमें छूट दी जाएगी और उसकी सूचना रोजनामचे में दी जाए। जिससे इसकी जानकारी थाना प्रभारी से लेकर आला अफसरों तक को रहे। दरअसल, देखने में आ रहा था कि थानों में तैनात कई पुलिसकर्मी बिना वर्दी में घूमते रहते हैं। सरकारी रिवॉल्वर को कमर में लगाए रहते हैं। कई बार वारदातें भी हो चुकी हैं।
