निवाडी। मध्यप्रदेश के निवाडी जिले के जावरपुरा गांव में कुए का पानी पीने से 2 लोगों की मौत हो गई तथा 2 दर्जन से अधिक लोग बीमार है। जिला मुख्यालय से 32 किलोमीटर दूर इस गांव में कुंए का दूषित पानी पीने से एक नाबालिग लड़की समेत दो लोगों की जान चली गई और करीब 2 दर्जन से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। पृथ्वीपुर ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारी एमके जैन ने बताया कि लक्ष्मण कुशवाहा (25) और एक सात साल की बच्ची की मौत पड़ोसी उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक अस्पताल में हो गई।

उन्होंने कहा कि करीब 25 लोग बीमार हुए हैं। इनमें से कुछ का स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है तो कुछ गांव में अपने घरों में हैं। जैन ने कहा कि अब स्थिति बेहतर हो रही है। प्रभावित इलाके में तीन डॉक्टरों का एक चिकित्सकीय दल तैनात किया गया है। कुंए का पानी पीने के बाद लोगों को उल्टी, डायरिया और बुखार की समस्या होने लगी थी। उन्होंने बताया कि लोगों को कुंए का पानी न पीने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *