मुंबई। पिछले काफी समय से राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘बधाई दो’ काफी चर्चा में है। इस फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। लेकिन अब इस फिल्म के लिए दर्शकों का इंतजार थोड़ा सा बढ़ने वाला है।

अब यह फिल्म जनवरी 2022 के गणतंत्र दिवस के वीकेंड पर रिलीज नहीं होगी। जंगली पिक्चर्स के प्रॉडक्शन तले और हर्षवर्धन कुलकर्णी के डायरेक्शन में बन रही ‘बधाई दो’ को पहले 28 जनवरी 2022 को रिलीज किया जा रहा था। मगर अब इसकी रिलीज को एक हफ्ते आगे खिसका दिया गया है। अब ‘बधाई दो’ 4 फरवरी 2022 को रिलीज होगी। जंगली पिक्चर्स के सोशल मीडिया हैंडल से यह जानकारी दी गई है। इस पोस्ट में लिखा गया, ‘रिलीज शेड्यूल में बदलाव के कारण बधाई दो की रिलीज डेट 4 फरवरी 2022 कर दी गई है। अब यह फिल्म प्यार के महीने में आ रही है और इससे अच्छा तरीका महीने की शुरूआत का हो ही नहीं सकता।’

   फिल्म में राजकुमार राव एक महिला पुलिस थाने के पुलिस अधिकारी की भूमिका में जबकि भूमि पेडनेकर एक स्कूल की पीटी टीचर की भूमिका में नजर आएंगी। इन दोनों के अलावा सीमा पहवा, शीबा चड्ढा, लवलीन मिश्रा, नीतेश पांडे और शशि भूषण जैसे कलाकार भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं।

यह फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई सुपरहिट नैशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म ‘बधाई हो’ का सीक्वल है। हालांकि इस फिल्म की कहानी और कलाकार बिल्कुल अलग होने वाले हैं। ‘बधाई हो’ में आयुष्मान खुराना, सान्या मल्होत्रा, गजराज राव, नीना गुप्ता और सुरेखा सीकरी ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *