इंदौर। BJP के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का धर्मनिरपेक्षता को लेकर एक विवादित बयान सामने आया है। एक कॉलेज के कार्यक्रम में संबोधन के दौरान कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कोई भी इंसान धर्मनिरपेक्ष नहीं होता। धर्मनिरपेक्ष केवल जानवर हो सकता है।

इसी कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों के सामने स्टेज पर पुशअप्स भी लगाए। उनके पुशअप्स का वीडियो अब वायरल हो रहा है। कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों पर धर्मनिरपेक्षता को लेकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से कई धर्मनिरपेक्ष आज राजनीति के शीर्ष पर हैं। भारत के टुकड़े करने का नारा लगाने वालों के साथ नेता खड़े हो जाते हैं। आरपीएल माहेश्वरे कॉलेज के कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय ने यह बातें कहीं।   BJP नेता कैलाश विजयवर्गीय की उम्र 65 साल है। लेकिन उन्होंने शनिवार को यह दिखा दिया कि वह अभी भी फिट हैं।

आरपीएल माहेश्वरे कॉलेज के कार्यक्रम में उन्होंने 48 सेकंड में 59 पुशअप लगाए। उनके पुशअप का वीडियो बीजेपी प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती ने ट्वीट कर कहा, “BJP के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश जी विजयवर्गीय ने कालेज के समारोह में छात्रों के बीच लगाई पुश अप…” कैलाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हाल ही में तीखा हमला बोला था। राहुल गांधी के हिंदू-हिंदुत्ववादी वाले बयान को कैलाश विजयवर्गीय ने मूर्खतापूर्ण और बचकाना बताया था।

उन्होंने कहा था कि इस तरह के बयानों से पता चलता है कि कांग्रेस में नेतृत्व अपरिपक्व है। बता दें कि राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ रैली की थी। इस रैली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। कांग्रेस ने इसे महंगाई हटाओ महारैली नाम दिया था। रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि मैं हिंदू हूं, हिंदुत्ववादी नहीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पूरा देश चार-पांच पूंजीपतियों के हाथ में है।