ग्वालियर। मध्यप्रदेश की भिण्ड पुलिस ने छापामार कार्यवाही कर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले 5 तस्करों को कल रात्रि को गिरफ्तार कर 1000 किलो गाँजा बरामद किया है। पकडे गए गांजे की कीमत 5 करोड 50 लाख रुपए बताई गई है।

भिण्ड पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चैहान ने आज यहां बताया कि कल रात्रि को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर भिण्ड जिले के औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर फेन्ट्री एरिया में एक ट्रक में गांजे की बड़ी खेप छिपाकर रिठौरा होते हुये मुरैना ले जा रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर मुखबिर के बताये स्थान पर घेराबंदी की तो एक ट्रक क्रमांक एमपी 06 एचसी 1067 खड़ा दिखा जिसमें पाँच व्यक्ति बैठे मिले। ट्रक में कैले के बीच गाँजा भरा हुआ था जिसमें 39 बोरों में कुल 1000 किलो गाँजा कीमती 5 करोड़ 50 लाख रुपए आंकी गई है।

गिरफ्तार ट्रक ड्रायवर एवं अन्य साथियों के विरूद्ध थाना मालनपुर में प्रकरण पंजीबद्ध कर उनसे गाँजे में पूछताछ की जा रही है। पकडे गए तस्कर मुरैना के संदीप शर्मा, कल्यान शर्मा, मुकेश जाटव, अजय सिंह दांगी निवासी ग्वालियर, जावेद खॉन बताए गए है।