ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के पावई थाना क्षेत्र के रिदौली गांव में शादी की खुशियां मातम में बदल गई। दूल्हे ने शादी की रस्मों को कुछ ही समय में पूरा कर, मंडप में सात फेरे लेकर जब घर लौटा तो उसे बुरी खबर मिली। दूल्हे के पिता और ताऊ व बुआ के लड़के की मौत की खबर मिली। शादी करके वापस लौटे दूल्हे ने पिता का अंतिम संस्कार कराया। वहीं भाईयों के मातम में शामिल हुआ। ये खबर हर किसी का दिल दहलाने वाली थी। शादी के बीच दूल्हे के पिता व भाइयों की मौत से रिदौली गांव में मातम छा गया। ये घटना कल देर रात ट्रैक्टर पलटने से हुई थी। इस हादसे को बुरी खबर दूल्हे से छिपाई गई थी। रिश्तेदारों ने दूल्हा राहुल से कहा- ट्रैक्टर पलट गया है आपके पिता सहित अन्य कई लोग घायल हो गए। जल्द शादी की रस्मों को पूरा करके घर चलना है। ये जानकारी के बाद तत्काल शादी की रस्मों को पूरा किया गया। इसके बाद सुबह होने से पहले पूरी बारात वापस लौट आई।

भिण्ड जिले के पावई थाना क्षेत्र के रिदौली में रहने वाले राम सिंह कुशवाह का लड़का राहुल की बारात भिण्ड जिले के एण्डोरी थाना क्षेत्र के नौनेरा जा रही थी। मालनपुर थाना क्षेत्र के बाराहेड गांव के नजदीक होते हुए बारात का एक ट्रैक्टर नौनेरा के लिए रास्ते से जा रहा था, तभी नशे में धुत ट्रैक्टर चालक ने तेज व लापरवाही से वाहन को दौड़ाया। इससे ट्रैक्टर सड़क किनारे बने नहर में (नाला) पलट गया। इस हादसे में दूल्हे का पिता राम सिंह और ताऊ का लड़का अभिषेक सिंह निवासी रिदौली व बुआ का लड़का शिवा कुशवाह निवासी बिलौआ की मौत हो गई। वहीं तीन अन्य बाराती घायल हुए थे जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।

दूल्हे के पिता की मौत की खबर से खुशी का माहौल गमगीन हो गया। दूल्हे के पिता रामसिंह की मौत की खबर छिपाई। राहुल के पास मैसेज भेजा गया कि ट्रैक्टर पलट गया है। पिता सहित दूसरे लोग घायल है वे अस्पताल में भर्ती है। शादी में शामिल नहीं हो पाएंगे। जल्द शादी की रस्मों को पूरा करो और वापस चलना। यही खबर लड़की पक्ष को दी गई। इसके बाद दो घंटे में शादी की रस्मों को पूरा करके पूरी बारात वापस लौट आई। जब दूल्हा वापस लौटा तो उसने अपने पिता को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद उसने अपने ताऊ का लड़का अभिषेक व बुआ का लड़का को भी मृत देखा। इस घटना के बाद दूल्हा बेहोश हो गया। आज सुबह के समय तीनों शवों का पुलिस ने पीएम कराया और परिजनों को सौंप दिया। मालनपुर थाना पुलिस का कहना है कि इस हादसे में दूल्हे के पिता और रिश्ते में दो भाइयों की मौत हुई है।

इस हादसे के बाद रिदौली गांव में मातम पसर गया। दुखद घटना के बाद राम सिंह उसके भतीजे अभिषेक व भांजे शिवा तीनों की अर्थी तैयार की गई। तीनों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया। शिवा का शव उसके माता-पिता अपने गांव बिलौआ लेकर पहुंचे। जबकि अभिषेक व रामसिंह का अंतिम संस्कार रिदौली में हुआ। एक साथ तीन शव लोगों ने देखे तो हर किसी की आंखें नम हो गईं।

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भिण्ड जिले में हादसे में 3 लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।