दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा देव दुर्लभ श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन बुधवार को ग्वालियर में स्थित डी.बी. सिटी के सामने गोल्डन लोटस गार्डन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी के ब्रह्मज्ञानी वेद पाठी शिष्यों के द्वारा शुक्ल यजुर्वेदीय रुद्री पाठ के शुद्ध उच्चारण से हुआ। तत्पश्चात हजारों शिष्यों एवं श्रद्धालुओं ने भाव अश्रुओं सहित गुरुदेव का भव्य पूजन किया। दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी जयवाणी भारती जी ने अपने प्रवचनों में गुरु पूजन के वास्तविक मर्म और महत्व को समझाया। उन्होंने बताया कि मानव जीवन की असली सार्थकता किसी सतगुरु के मिलने से ही है। क्योंकि  सतगुरु ही मानव को आत्मिक जाग्रति प्रदान कर एक सुन्दर व शान्त समाज का निर्माण करते हैँ। साध्वी जी ने धार्मिक शास्त्र ग्रंथों के आधार पर बताया कि सतगुरु की असली पहचान है-

*अखंड मंडलाकारं व्याप्तं येन चराचरम तत पदम् दर्शितं येन तस्मै श्री गुरवे नमः*
अर्थात : जो अखण्ड है,सकल ब्रह्मांड में समाया है, चर-अचर में तरंगित है, उस प्रभु के तत्व रूप को, जो मेरे भीतर प्रकट कर, मुझे साक्षात दर्शन करा दे, उन गुरु को मेरा शत-शत नमन है। अर्थात वही पूर्ण गुरु है।

और सतगुरु की इस कसौटी पर दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के संस्थापक एवं संचालक दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी खरे उतरते हैं। वे पिछले तीन दशकों से भी अधिक समय से मानव में क्रांति और विश्व में शांति का लक्ष्य लिए समाज में परिवर्तन ला रहे हैं। वे ब्रह्मज्ञान द्वारा समाज का सामाजिक आध्यात्मिक उत्थान कर रहे हैं। इसी निमित्त संस्थान के द्वारा अनेक प्रकल्प चलाए जा रहे हैं, जैसे- संतुलन- लिंग समानता कार्यक्रम, बोध- नशा उन्मूलन कार्यक्रम, संरक्षण- पर्यावरण सुरक्षा कार्यक्रम, अंतर्दृष्टि- नेत्रहीनों व विकलांगों के जीविकोपार्जन के लिए कार्यक्रम, अंतरक्रांति- बंदी सुधार कार्यक्रम आदि। साध्वी विनीता भारती जी ने कार्यक्रम में आए हुए विशिष्ट अतिथियों का सम्मान किया। अंत में ब्रह्मज्ञानी साधक शिष्यों द्वारा विश्व शांति हेतू सामूहिक ध्यान किय गया। गुरुदेव की भव्य आरती एवं सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। कार्यक्रम के दौरान राजेश सोलंकी (बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति सदस्य), श्रीमती रचना सोलंकी, (सदस्य संचालक मंडल नागरिक सहकारी बैंक), कमलेश सेन (सदस्य रेलवे स्लाहकर समिति भोपाल मंडल), पवन सेन (प्रदेश मीडिया प्रभारी, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा),  संदीप शर्मा ( प्रबंधक, नागरिक सहकारी बैंक), अरविंद सिंह राणा, महेंद्र काले, मुकेश अग्रवाल एवं लगभग 4000 श्रद्धालु उपस्थित रहे।