ग्वालियर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह  चौहान जल्दबाजी नहीं करते, तो हमारी सरकार ही बनी रहती, कांग्रेस की सरकार बनती ही नहीं। आज ग्वालियर के अपने अल्प प्रवास पर एयरपोर्ट पर कुछ संवाददाताओं से चर्चा में भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने यह भी कहा कि कांग्रेस बेहद संकट के दौर से गुजर रही है और राहुल गांधी की यात्रा से कुछ होने वाला भी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात व हिमाचल प्रदेश में भाजपा फिर सरकार बनायेगी।
भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान एक संवाददाता द्वारा यह पूछ जाने पर कहा कि भाजपा को लेकर ग्वालियर चंबल संभाग व विंध्य में बेहद नाराजगी बढ़ रही है और कांग्रेस वहां मजबूत होती जा रही हैं, पर कहा कि ऐसी कोई बात ही नहीं हैं। भाजपा पूरे प्रदेश में मजबूत स्थिति में है। पहले भी 2018 में आप लोगों ने यह सवाल था मैंने तब भी कहा था कि सरकार हमारी ही बनेगी, हमें वोट भी ज्यादा मिले थे। 2018 में हमारी सरकार बन भी जाती, लेकिन शिवराज जी ने जल्दबाजी कर दी। कैसी जल्दबाजी पूछने पर भाजपा राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि जल्दबाजी यह कि उन्होंने इस्तीफा जल्द दे दिया, यदि वह बने रहते, इस्तीफा नहीं देते तो भी हमारी सरकार बनती। संभवतः कैलाश जी का इशारा यह था कि 2018 में ही कांग्रेस टूट जाती या निर्दलीय और कुछ विधायक भाजपा में आ जाते। 
भाजपा राष्ट्रीय महासचिव विजयवर्गीय ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से कुछ नहीं होने वाला। मुझे नहीं लगता कि कोई परिवर्तन होगा। वैसे भी राहुल गांधी को कोई सीरियस नहीं लेता। विजयवर्गीय ने आश्चर्य व्यक्त किया कि कांग्रेस अब पहले की सबसे बड़ी पार्टी की अपेक्षा धीरे-धीरे सिकुड़ रही है। वह गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी कुछ आश्चर्यचकित नहीं करने वाली। हमें कांग्रेस की इस स्थिति पर बेहद दुख भी लगता है।
कैलाश पूर्व मंत्री रूस्तम सिंह के यहां पहुंचे
भाजपा राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय आज उदयपुर से विशेष विमान से ग्वालियर आये। वह ग्वालियर आकर रायरू स्थित पूर्व मंत्री रूस्तम सिंह के निवास पर पहुंचे और उन्होंने उनकी नातिन को विवाह के मौके पर बधाई दी। वह बाद में विमान से ही इंदौर रवाना हो गये। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष अभय चौधरी, भाजपा जिला महामंत्री हरीश मेवाफरोश, राजू सेंगर, विनय जैन, दीपक शर्मा, महेन्द्र सिंह यादव आदि उपस्थित थे।