ग्वालिय। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी के निर्देष पर ग्वालियर में लूट, नकबजनी, चोरी के प्रकरणों का खुलासा कर आरोपीगणों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। पुलिस अधीक्षक को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि विगत दिनों थाना मुरार क्षेत्रांतर्गत बैंक कालोनी व सैनिक कालोनी में चोरी करने वाला शातिर नकबजन खूबतबाबा कालोनी स्थित आने घर में मौजूद है। उक्त सूचनापर पुलिस अधीक्षक द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (दक्षिण) श्रीमोती उररहमानएवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर (पूर्व/अपराध) राजेश डण्डोतिया को क्राईम ब्रांच व थाना मुरार की टीम बनाकर मुखबिर सूचना की तस्दीक कराकर उक्त शातिर नकबजन को पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।
थाना प्रभारी काईम ब्रांच निरीक्षक दामोदर गुप्ता एवं थाना प्रभारी मुरार शैलेन्द्र भार्गव के नेतृत्व में क्राईम ब्रांच व थाना मुरार की संयुक्त टीम को मुखबिर के बताये स्थान खूबतबाबा कालोनी क्षेत्र में भेजा गया। पुलिस टीम द्वारा शातिर नकबजन के घर के पास पहुचंकर देखा तो एक संदिग्ध व्यक्ति बाहर खड़ा दिखा, जिसने पुलिस टीम को देखकर मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क खड़ी पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर उसे मौके पर ही धर दबोचा। पूछताछ करने पर उसने थाना मुरार, सिरोल व थाटीपुर क्षेत्र में अपने एक अन्य साथी के साथ लाखों की चोरी करना स्वीकार किया। पकड़े गये शातिर नकबजन की निशानदेही पर चोरी किये गये माल में से पुलिस टीम द्वारा उसके घर से 4 सोने की चूड़ी, एक सोने का हार बरामद किया गया। विस्तृत पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि उक्त पकड़ा गया शातिर चोर आदतन अपराधी है जिसके विरूद्ध शहर के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक चोरी, नकबजनी, हत्या व हत्या का प्रयास के प्रकरण पंजीबद्ध हैं तथा इसके द्वारा हत्या के प्रकरण में 20 साल की सजा भी काटी जा चुकी है। पकड़े गये शातिर चोर ने एक अन्य नकबजन साथी की मदद से मांगी हुई मोटर सायकिल का उपयोग कर थाना मुरार, सिरोल व थाटीपुर क्षेत्र में पांच चोरी की बड़ी वारदात करना स्वीकार किया है। चोरी किये गये अन्य माल के संबंध में पूछताछ करने पर उसने चोरी का माल बिकवाने वाले अपने अन्य साथियों के संबंध में जानकारी दी गई, जिस पर से पुलिस टीम द्वारा उसके ढोलीबुआ निवासी एक साथी को पकड़कर पूछताछ की गई तो उसके द्वारा चोरी की माल बिकवाना स्वीकार किया। पकड़े गये व्यक्ति की निशानदेही पर उसके ढोलीबुआ स्थित घर से सोने की 4 चूड़ी व सोने का एक हार बरामद किया गया।
उसके बाद पकड़े गये शातिर नकबजन से थाना सिरोल क्षेत्र से चोरी गये राउण्डों के सबंध में पूछताछ करने पर उसके बताया कि हेमसिंह की परेड पर रहने वाले उसके एक साथी के घर पर राउण्ड छिपाकर रखे हुए हैं। पुलिस टीम द्वारा हेमसिंह की परेड पर उक्त व्यक्ति के घर की तलाशी ली गई तो 12 बोर के 22 राउण्ड, 315 बोर के 43 राउण्ड, 32 बोर पिस्टल के 15 राउण्ड कुल 80 राउण्ड बरामद किये गये। शातिर नकबजन के एक और चोर साथी की तलाश की गई तो वह अपने घर खुरैरी बड़ा गांव से फरार मिला, पुलिस टीम द्वारा उसके घर की तलाशी ली गई तो उसकी पत्नि के पास से चोरी किये गये 50 ग्राम सोने के जेवरात एवं 400 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किये गये। पकड़े गये शातिर नकबजन से चोरी की घटना में उपयोग की गई मोटरसायकिल के संबंध में पूछताछ करने पर उसने बताया कि मुरार क्षेत्र में रहने वाले उसके एक साथी की मोटरसायकिल मांगकर वह अपने साथी के साथ मिलकर चोरी करते थे। पुलिस टीम द्वारा मुरार क्षेत्र में रहने वाले उसके साथी की तलाश की गई तो उसके पास से मोटरसायकिल व एक 315 बोर का कट्टा मय 2 जिंदा राउण्ड के जप्त किया गया। आरोपियों को पकड़ने में सउनि राजीव सोलंकी, प्र.आर. रामबाबू, आरक्षक गौरवआर्य, अरूण पवैया सहित काईम ब्रांच टीम – प्रआर मनोज एस., संजय जादौन, के.पी. यादव, आरक्षक सोनू परिहार, देवव्रत तोमर, रामवीर, कपिल पाठक, आकाश पाण्डे व थाना मुरार टीम – उप निरीक्षक कमलकिशोर पाराशर, मुकुल यादव, आरक्षक दिनेश राजावत, नीरज यादव, पंकज तोमर, योगेन्द्र सिकरवार, योगेन्द्र गुर्जर प्रमुख हैं।
