ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने आज दोपहर में लगभग १२ बजे हुई एक करोड २० लाख रूपये की हथियार की नोंक पर हुई लूट की घटना का चार घंटे में खुलासा कर दो आरोपियों को दबोच लिया है। वहीं पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने लूटी गई रकम एक करोड २० लाख को बरामद कर आरोपी के पास से ३१५ बोर का कटटा मय राउण्ड के भी बरामद कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश दंडोतिया, मोतीउर रहमान ने रात को उक्त लूट का खुलासा करते हुये बताया कि इंदरगंज थाने से दो फर्लांग की दूरी तथा बैंक से मजह २०० मीटर की दूरी पर हुई लूट की सूचना हरेन्द्र टे्रडिंग कंपनी के मुनीम सुनील शर्मा और कार चालक प्रमोद गुर्जर हरेन्द्र ट्रेडिंग कंपनी के एक करोड ५० लाख रूपये लेकर डीडी नगर स्थित ऑफिस से निकले। यह लोग फूलबाग होते हुये छप्परवाला पुल से होते हुये राजीव प्लाजा के बगल की संकरी गली से बैंक ऑफ बडौदा जा रहे थे। तभी एक मुंह बांधे युवक ने कार को हाथ देकर रोका और मुंशी सुनील शर्मा को कटटा दिखाया। आरोपी युवक ने सुनील और पास चालक सीट पर बैठे प्रमोद के मोबाइल अपने कब्जे में ले लिये तभी उसका दूसरा साथी पीछे से आकर बरना कार की डिक्की में रखे एक करोड २० लाख के कार्टून को लेकर भाग गया। बाद में सुनील और कार चालक ने बैंक के गार्ड और बैंक मैनेजर को घटना की जानकारी दी। बैंक मैनेजर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और एडीजी डी श्रीनिवास राव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल अन्य अधिकारियों के साथ टीम बनाकर तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुंशी और चालक से पूछताछ भी की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सांघी ने बताया कि पूछताछ में और सीसीटीवी फुटेज में कुछ विरोधाभास दिखते ही पुलिस ने चालक प्रमोद गुर्जर से कडाई से पूछताछ की। कडाई से पूछताछ में वह टूट गया। और उसने घटना अपने एक रिश्तेदार और दोस्त के साथ कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने तत्काल आरोपी चालक प्रमोद के साथ जाकर दूसरे आरोपी के यहां पहुंच कर निशानदेही पर एक करोड २० लाख रूपये नगद और ३१५ बोर का कटटा मय कारतूस के बरामद कर लिया। पुलिस अब उसके तीसरे साथी और घटना में प्रयुक्त बाइक की तलाश कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि पुलिस ने आज जो टीमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश दंडोतिया , मोतीउर रहमान तथा सीएसपी ऋषिकेश मीणा आईपीएस के साथ बनाई थी उन्होंने अथक प्रयास और मेहनत कर घटना को ट्रेस किया है। इसमें क्राइम ब्रांच का भी पूरा सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि एडीजी डी श्री निवास राव ने मौके पर ही २५ हजार रूपये देने की घोषणा की थी वह इनाम इंदरगंज पुलिस और क्राइम ब्रांच को दिया जायेगा। पुलिस तीसरे आरोपी की तलाश में छापे मार रही है।

उन्होंंने बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक का नंबर और उसका पता डीएसपी यातायात नरेश अन्नौटिया ने स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी से अथक प्रयास कर पता किया और उसकी पिछले कई दिनों की लोकेशन डीडी नगर और महाराजपुरा क्षेत्र में दिखाई दी की जानकारी पुलिस को दी। आरोपियों का प्लान रात में महाराजपुरा के एक होटल में बंटवारा करना था उसके बाद चालक डयूटी पर जाता जिससे उस पर कोई शक नहीं करता और दोनों आरोपी शहर से बाहर निकल जाते। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि पकडे गये आरोपियों का क्राइम रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इस घटना को ट्रेस करने में सीएसपी लकर सियाज केएम आईपीएस, सीएसपी विजय भदौरिया इंदरगंज , सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया, सीएसपी विश्वविद्यालय रत्नेश तोमर डीएसपी यातायात नरेश अन्नौटिया का सराहनीय योगदान रहा।