असिस्टेंट प्रोफेसर को नकल रोकने पर लात-घूंसों से पीटा था। कालेज से घर जाने के दौरान किया था हमला।
उज्जैन ।
शासकीय विधि कालेज के सहायक प्रोफेसर को मंगलवार शाम को दो नकाबपोश बदमाशों ने कालेज परिसर में ही पीट दिया था। बुधवार देर रात को नागझिरी पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों का पुलिस ने थाने से लेकर विधि कालेज तक जुलूस निकाला।

टीआइ विक्रम इवने ने बताया कि ईश्वर नारायण पुत्र विष्णुकांत शर्मा उम्र 40 वर्ष निवासी नागोद जिला सतना हाल मुकाम महाकाल एवेन्यू शासकीय विधि कालेज नागझिरी में सहायक प्रोफेसर है। कालेज में अलग-अलग शिफ्ट में एलएलबी, बीएएलएलबी, एलएलएम की परीक्षाएं चल रही हैं। मंगलवार को कुछ बाहरी युवक कालेज में मोबाइल लेकर छात्रों को नकल कराने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कालेज स्टाफ से कहकर युवकों को बाहर करवा दिया था। इसके बाद शाम को वह अपने साथी प्रोफेसर हर्षवर्धन यादव, देवेंद्र प्रतापसिंह, असीम कुमार शर्मा, व प्राचार्या अरुणा के साथ कालेज से बाहर निकले और अपने दोपहिया वाहन से घर की ओर जाने लगे। इसी दौरान झाड़ियों में से दो नकाबपोश बदमाश निकले और प्रोफेसर शर्मा को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया था। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए थे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बुधवार रात को सौरभ नागर उम्र 28 वर्ष निवासी ऋषिनगर तथा राहुल सिंह सोलंकी उम्र 35 वर्ष निवासी सुदर्शन नगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों का गुरुवार को पुलिस ने कालेज तक जुलूस निकाला। जहां पुलिस ने प्रोफेसर व अन्य लोगों से घटनाक्रम को लेकर तस्दीक करवाई। इसके बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया।