ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड के महिला थाने में होली के पावन पर्व पर दो युगल प्रेमियों ने सात जनमों तक साथ रहने की कसम खाकर बिना बैंण्ड बाजों व पंडित के शादी की रस्म पूरी की। साथ साथ जीने की कसमें भी खाई। वरमाला भी पहनाई। यह दृश्य मैरिज गार्डन या शादी समारोह स्थल का नहीं था। भिण्ड के महिला थाने का था जहां प्रेम के दीवाने लड़का-लड़की महिला थाने में उपस्थित हुए। दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें पुलिस के समक्ष ली। पुलिस ने उनकी भावनाओं को समझा और शादी किए जाने की मान्यता देते हुए वरमाला पहनवाई।

होली के दिन पूरा देश, प्रदेश भिण्ड जिला सात रंगों के रंगों में रंगा था। लोग रंग और गुलाल लगाकर एक दूसरे को खुशियां बांट रहे थे। इसी बीच प्रेम के रंग में रंगे एक लड़का और लड़की महिला पुलिस थाने पहुंचे। लड़की प्रियंका जाटव निवासी अटेर रोड और लड़का विमल जाटव निवासी मिश्रन पुरा थाना देहात भिण्ड का था।

प्रेमी जोडे ने महिला थाना प्रभारी गीता सिकरवार से गुहार लगाई कि हम दोनों बालिग हैं एक दूजे से प्यार भी करते हैं। हमारा समाज भी एक ही है। परंतु हम दोनों एक दूजे के नहीं हो पा रहे हैं। हमारे प्रेम में बाधा बने कुछ लोग दुश्मनी निभा रहे हैं। शादी में अड़चन पैदा कर रहे हैं। इसलिए हमारी शादी नहीं हो पा रही है। यदि हम दोनों एक दूजे के साथ जी नहीं सकते हैं तो मरने से भी हमें कोई रोक नहीं पाएगा। प्रेम के रंग में रंगी इस जोड़ी को महिला थाना प्रभारी गीता सिकरवार ने परिवार के सहमति पर शादी कराने की बात कही। युगल प्रेमी जोडे ने साफ कहा कि उनकी अभी शादी होगी या वह दोनों घर वापस नहीं जाऐंगे बल्कि आत्म हत्या कर लेंगे।

भिण्ड की महिला थाना प्रभारी सिकरवार ने आज यहां बताया कि लडका लडकी युगल प्रेमी मेरे पास आए थे। दोनों ने अपनी बात बताई। लड़का और लड़की के परिवार जनों को भी थाने बुलाया दोनों परिवारों को समझाइश दी। दोनों परिवारों को बताया कि दोनों ही बालिक है भारतीय संविधान के नियमानुसार वे दोनों एक दूजे को वर-वधु के तौर पर चुनने का अधिकार है। हालांकि इस दौरान परिवार के कुछ सदस्यों ने विरोध किया। परंतु पुलिस के समक्ष नियमानुसार लड़का और लड़की ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई और साथ रहने की कसम खाई। महिला थाना पुलिस ने दोनों को बधाई भी दी और सुखमयः भविष्य की कामना भी की।