मुरैना। मुरैना से लगभग 100 किलोमीटर दूर सबलगढ़ और मंडरायल (राजस्थान) की सीमा पर आज सुबह 7 ग्रामीणों की चंबल नदी में डूबने से मौत हो गई। मरने वाले सभी लोग शिवपुरी के निवासी हैं और मुरैना , सबलगढ़, टेंटरा होकर कैलादेवी दर्शन को जा रहे थे। मुरैना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंह नरवरिया ने घटना की पुष्टि की है, उन्होंने बताया कि शवों की तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक शिवपुरी के तेंदुआ थाना क्षेत्र के चिलावद गांव निवासी 17 ग्रामीण राजस्थान के करौली माता मंदिर के लिए यात्रा पर निकले थे और मुरैना ,श्योपुर और राजस्थान बार्डर पर वह रही चंबल नदी को कम पानी वाले स्थान पर पैदल पार कर रहे थे। सभी 17 ग्रामीण एक दूसरे का हाथ पकडे हुये थे। इसी बीच चंबल नदी में मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। मगरमच्छ के हमले से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई और वह गहरे पानी में समा गये।
इसमें से दस को मुरैना एवं राजस्थान पुलिस के गोताखोरों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ बचा लिया है। वहीं 2 लोगोंं के शव भी गोताखोरों ने बरामद कर दिये हैं और शेष 5 की तलाश जारी है। मुरैना जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंह नरवरिया ने बताया कि घटना सुबह 7 बजे के आसपास की है। वह स्वयं , कलेक्टर व कमिश्रर के साथ मौके पर मौजूद हैं। नरवरिया ने बताया कि जहां राडीराधेन जगह पर घटना हुई है वहां नाव या पुल की व्यवस्था नहीं है जिससे लोग पैदल ही नदी पार करते हैं।
मौके पर एनडीआरएफ की टीम सहित राजस्थान का पुलिस प्रशासन भी पहुंच गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
चंबल नदी पार करते समय मगरमच्छ के हमले से घबराकर नदी में डूबे लोगों में से अब तक 10 लोगों को गोताखोरों व स्थानीय ग्रामीणों ने बचा लिया है। जबकि 7 लोगों के मरने की खबर है। 2 लोगों के शव नदी में मिल गये हैं, पांच लापता लोगों की तलाश जारी है।
बचने वाले व डूबे लोगों के नाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिनके शव मिले हैं उनके नाम देवकीनंदन पुत्र हीरा कुशवाह उम्र 55 वर्ष , कल्लो पत्नी चौंऊ कुशवाह उम्र 40 वर्ष हैं। जबकि लापता व्यक्तियों में रूकमणी पत्नी दीपक कुशवाह, लवकुश पुत्र धान सिंह कुशवाह 12 वर्ष, बृजमोहन पुत्र पप्पू कुशवाह, रश्मि पत्नी कुशवाह, अलोपा पत्नी देवकीनंदन कुशवाह शामिल हैं।
जो लोग चंबल नदी में डूबते गहराते बचा लिये गये हैं उसमें राकेश पुत्र मुरारी, सुनील पुत्र राजदेव , दीपक पुत्र देवकीनंदन, सन्तरा पत्नी सेवक, रामश्री पत्नी बचनलाल सम्पति पत्नी राकेश सभी कुशवाह सभी निवासी गण ग्राम चिलावत थाना तेंदुआ जिला शिवपुरी हैं वहीं तीन लोगों को राजस्थान सीमा पर बचाया गया है जिसमें धनीराम पुत्र खेरा कुशवाह, चौंऊ पुत्र ठकुरी कुशवाह, जानकी पुत्र हक्के कुशवाह शामिल हैं यह सब राजस्थान की तरफ निकाल लिये गये थे।
