रायसेन, मप्र के रायसेन जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापार में रविवार को एक पिता ने तैरना नहीं जानने के बावजूद कुएं में गिरी अपनी दो बेटियों को बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी, जिससे तीनों की डूबने से मौत हो गई. सूचना मिलने पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई. उन्होंने तीनों के शव कुए से निकालकर अस्पताल पहुंचाए. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

सुल्तानगंज थाना पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम टेकापार निवासी रामलाल चिढ़ार की तीन बेटियां शैफाली उम्र 14 वर्ष, वैशाली उम्र 10 वर्ष और शुभी उम्र छह वर्ष रविवार को खेलने के लिए खेतों के आसपास गई थी. खेलते हुए तीनों मासूम बेटियां खेत में कुएं के पास लगे पेड़ से बेर तोड़ने लगी. बेर तोड़ते-तोड़ते शैफाली और वैशाली का पैर फिसल गया और वे कुए में गिर गईं. अपनी दोनों बड़ी बहनों को कुएं में गिरते हुए देखकर शुभी चिल्लाकर रोने लगी. बच्ची की रोने की आवाज सुनकर पिता रामलाल उम्र 35 वर्ष पहुंच गए. रामलाल को तैरना नहीं आता था, लेकिन बेटियों की जिंदगी बचाने की उम्मीद लेकर उसने कुएं में छलांग लगा दी. कुएं में पानी अधिक होने से पिता अपनी बेटियों को नहीं बचा सका और तीनों की डूबने से मौत हो गई.

अपनी दोनों बहनों और पिता के डूबने का मार्मिक दृश्य देखकर नन्ही शुभी की चीख-पुकार तेज हो गई. जोर-जोर से चिल्लाने की आवास सुनकर वहां से निकलने वाले पहुंच गए. ग्राम के सुरेंद्र सिंह ने जब कुएं के पास पहुंचकर यह दृश्य देखा तो उन्होंने फोन करके ग्राम के अन्य लोगों को बुलाया. इसके साथ ही उन्होंने डायल-100 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी. ग्रामीणों ने कुए पर पहुंचकर पिता और उसकी दोनों बेटियों को निकालने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीनों के शव कुएं से बाहर निकाले.

ग्रामीण तीनों के शव सुल्तानगंज शासकीय अस्पताल ले गए. इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तीनों पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं.