भोपाल, विधानसभा चुनाव से पहले सिंधिया के गढ़ अशोकनगर जिले में भाजपा को झटका लगा है. अशोकनगर के मुंगावली विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे स्व. राव देशराजसिंह यादव के बेटे यादवेंद्र सिंह यादव बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए. प्रदेश कांग्रेस कार्यालय भोपाल में कमलनाथ ने उन्हें सदस्यता दिलाई. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव भी उपस्थित रहे.

यादवेंद्र सिंह यादव के साथ उनके सैकड़ों समर्थकों ने भी बुधवार को कांग्रेस की सदस्यता ली. वे 500 गाड़ियों के काफिले के साथ अशोकनगर से रवाना हुए और प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे. कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए यादवेंद्र ने कहा कि मेरे पिता ने भाजपा को खड़ा करने में बहुत मेहनत की. वर्तमान में मैं, मेरी पत्नी और मां जिला पंचायत सदस्य हैं. हमारे परिवार ने भाजपा की सेवा की, लेकिन जब से सिंधिया भाजपा में आए हैं, पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होने लगी. इससे मन व्यथित था. हमसे जुड़े लोगों को केस लगाकर अंदर किया जा रहा था. अंदर से घुटन हो रही थी. समर्थकों से बात की तो तय हुआ कि हम कांग्रेस जॉइन कर लेते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा अब नहीं बची है, सभी अपने पेट भरने में लगे हुए हैं.

वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए यादवेंद्र सिंह कांग्रेस में शामिल हुए हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कहते हैं कि मैं कमलनाथ के राजनीतिक भविष्य को गाड़ दूंगा. कहते हैं कि मैं कमलनाथ का अंत करूंगा. मैं भी गाड़ूंगा, लेकिन बेरोजगारी, महिला अत्याचार और भ्रष्टाचार को गाड़ूंगा. इनको अब बहनें याद आई हैं. पहले जब ये किसान के बेटे बने तो सबसे ज्यादा किसानों कीहत्या देश भर में मध्यप्रदेश में हुईं. मामा बने तो सबसे ज्यादा अत्याचार महिलाओं पर हुआ. यह मैं केंद्र की रिपोर्ट के आधार पर कह रहा हूं.