टीकमगढ़, मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में नवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं द्वारा व्रत में सिंघाड़े के आटे से बना व्यंजन खाने के बाद करीब 50 लोग बीमार हो गए. फूड प्वाइजनिंग की शिकायत के बाद इन सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहां पर इन मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. बताया जा रहा है कि सभी ने एक ही कंपनी का आटा खरीदा था.
जिला अस्पताल में गुरुवार सुबह से फूड प्वाइजनिंग के मरीजों का आने का सिलसिला शुरू हुआ और देखते ही देखते बीमारों की लाइन लग गई. आलम यह था कि अस्पताल में बेड कम पड़ गए और एक-एक बेड पर दो-दो मरीजों का उपचार शुरू किया. इन मरीजों में कुछ परिवारों के पूरे सदस्य ही इस समस्या से ग्रसित थे. बताया जा रहा है कि इन सभी मरीजों द्वारा बुधवार शाम को सिंघाड़े के आटे से बने व्यंजन खाए गए थे.
जिला अस्पताल में उपचार करा रहे जतारा निवासी वंशी नामदेव ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन उनका और उनकी पत्नी का व्रत था. शाम को 6 बजे घर में सिंघाड़े के आटे की पूडिय़ां बनी तो सभी ने वह खाई. इसके बाद सभी का सिर चकराने लगा और कुछ ही देर में उल्टियां होने लगी. बेहोश होने पर परिवार के अन्य सदस्य उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे. यहां रात्रि 12 बजे तक उपचार किया गया. आराम नहीं मिलने पर वह टीकमगढ़ पहुंचे. ऐसा ही स्थिति नए बसस्टैंड के पीछे जैन कॉलोनी निवासी डीके गुप्ता की थी. उन्होंने भी शाम को सिंघाड़े के आटे से बनी पूड़ियां खाई थीं. डीके की पत्नी समता ने बताया कि वह बाजार से जो आटा लेकर गई थी, उस पर पैकिंग की तिथि 18 मार्च 2023 थी. इसके बाद भी यह परेशानी सामने आई है.
माता-पिता के साथ बच्चे भी सिंघाड़े का आटा खाने से बीमार हुए हैं. जिला अस्पताल का बच्चा वार्ड भी मरीजों से फुल हो गया है. यही हाल महिला एवं पुरुष मेडिकल वार्ड का भी है. यहां पर सभी मरीजों का उपचार कर ड्रिप लगाई जा रही है. सभी के द्वारा एक ही कंपनी के आटे का उपयोग किए जाने की बात कही जा रही है. जिला अस्प्पताल में पलेरा, जतारा, बल्देवगढ़ सहित जिला मुख्यालय के मरीज भर्ती किए गए हैं.
जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. योगेश यादव ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग के मरीज लगाता बढ़ रहे है. उनका कहना है कि मेल मेडिकल वार्ड में ही 20 मरीज भर्ती हैं. अन्य वार्ड भी फुल हो चुके हैं. अभी तक सभी मरीजों की गणना नहीं की गई है, लेकिन बताया जा रहा है कि 50 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं. उन्होंने बताया कि सभी की हालत सामान्य है और चिंता की कोई बात नहीं है.
