इंदौर, जिले के शिप्रा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ है. बताया गया है कि अज्ञात बदमाशों ने लड़की का गला घोंटने के बाद पत्थरों से कुचलकर उसकीहत्या की है. फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हुई है. मौके पर शराब की बोतल मिली है.

एसपी (ग्रामीण) भगवतसिंह विरदे ने बताया कि शव मांगलिया (सांवेर रोड़) स्थित रेलवे ट्रैक से करीब 50 फीट दूरी पर पड़ा हुआ था. शनिवार दोपहर ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. लड़की के गले पर नाखूनों के निशान है. पास में खून से सना पत्थर पड़ा हुआ था. पेड़ के नीचे शराब की बोतल और खाने का सामान भी है. इससे शक है कि आरोपित और लड़की सहमति से आए थे. आरोपितों ने संभवत: जबरदस्ती की कोशिश की और उसकी हत्या कर दी.

गुम लड़कियों की जानकारी मांगी

पुलिस ने सभी थानों से गुम नाबालिग लड़कियों की जानकारी मांगी है. आसपास से सीसीटीवी फुटेज भी निकाले जा रहे हैं. टीआई गिरिजाशंकर ने बताया कि पहनावे से लड़की ग्रामीण परिवेश की लग रही है. पुलिस सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है.

हाई कोर्ट के वकील ने फांसी लगाकर दी जान

वहीं, द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में शनिवार को हाई कोर्ट के वकील ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाया है. वकील ने आत्महत्या क्यों की, यह स्पष्ट नहीं हुआ है. पुलिस के मुताबिक, घटना सुदामा नगर की है. रमेशचंद्र पुत्र रामचंद्र वानखेड़े खाना खाने के बाद रूम में सोने चले गए थे. सुबह दरवाजा न खोलने पर बेटा देखने पहुंचा तो रमेश मृत अवस्था में मिले.