बैतूल । लाडली बहना योजना सामाजिक क्रांति का शंखनाद है। बैतूल के इतिहास में इतनी बड़ी संख्या में बहनें कभी नहीं आईं हैं। चारों तरफ मैं देख रहा हूं आज बैतूल की धरती पर मेरी बहनों का समुद्र उमड़ा हैं, उन सभी को मेरा प्रणाम। यह कार्यक्रम कोई कर्मकांड नहीं है। मैं सामाजिक क्रांति का शंखनाद कर रहा हूं। यह बातें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैतूल में आयोजित महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही हैं। मुख्यमंत्री ने बैतूल में गरीबों को मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के तहत पट्टे बांटे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यहां 700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया है। मुख्यमंत्री ने महिला सम्मेलन का संबोधित करते हुए कहा कि भारत की धरती पर हमारी बहन, बेटियां, माताएं कभी उपेक्षित नहीं थीं, हमारे यहां कहा गया है, यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता:। राम से पहले सीता, नारायण से पहले लक्ष्मी, का नाम लेना हमारी संस्कृति है। बेटा और बेटियों में अंतर करके पाप किया है, बेटियों को कोख में ही मार दिया जाता था, जिससे बेटियों की संख्या घटती गईं। बेटियों के बिना दुनिया नहीं चल सकती, बटी नहीं बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे, आधी आबादी के साथ अन्याय कैसे हो सकता है। हमने पहले लाडली लक्ष्मी योजना बनाई और आज मुझे खुशी है की 44 लाख से अधिक मेरी बेटियां लाडली लक्ष्मी हैं। 1000 हजार बेटों पर 956 बेटी पैदा हो रही हैं, जब तक हजार बेटों पर हजार बेटी पैदा नहीं होंगी तब तक मामा चैन की सांस नहीं लेगा।
अब अहाता बार नहीं खुलेंगे
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब अहाते बार नहीं खुलेंगे। सभी अहाते बंद कर दिए गए हैं। कोई सड़क पर या पार्क में शराब नहीं पियेगा। इस व्यवस्था से महिलाओं पर होने वाले अत्याचार रूकेंगे और शराब पर नैतिक अंकुश लगेगा। बता दें कि मध्यप्रदेश मे 1 अप्रैल से आहतों में बंदिशे लगा दी गई हैं।
बहनों को घर में नल से मिलेगा पानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में नल जल योजना का काम चल रहा है। बहनो को उनके घर में ही नल से जल मिलेगा। पानी लाने के लिए अब दूर जाने और हेंडपंप चलाने की जरूरत नहीं है। समाज को बदलना है और एक नया प्रदेश गढऩा है। इसके लिए सभी को मिल कर कार्य करना होगा। उन्होंने महिलाओं के साथ सभी का आह्वान किया कि मिल कर अन्याय के खिलाफ खड़े हो जाएं।
प्रदर्शनी का अवलोकन
मुख्यमंत्री चौहान ने कन्या-पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिनूजन करने के बाद विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित कर विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
