रतलाम। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि रतलाम में गर्मियों में पीने के पानी की दिक्कत आती है। तालाब सूख जाते हैं। बदनावर तक नर्मदा मैया आ रहीं है। बदनावर की पाइप लाइन को अब रतलाम जिले में लाऊंगा। गर्मी के दिनों में तालाब भरवाकर पीने के पानी की भी दिक्कत नहीं रहने दूंगा।
मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना महासम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रतलाम में नर्मदा का पानी लाने की घोषणा के साथ ही एक हजार 374 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया है। इनमें बहुप्रतीक्षित गोल्ड पार्क, जिला अस्पताल और ऑडिटोरियम के काम शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को लाड़ली बहना योजना के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की। साथ ही फूलों का तारों का, सबका कहना है… यह गाना भी गुनगुनाया। साथ ही मौजूद लोगों से भी गंवाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज रतलाम में जो विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हो रहे हैं, वो लगभग 1300 करोड़ के हैं। मैं कोई अहसान जताने नहीं आया। ये मेरा फर्ज है, मेरा धर्म है। रतलाम की मांग थी कि यहां मेडिकल कॉलेज बनना चाहिए। उस समय कोई सोचता भी नहीं था। कल्पना भी नहीं करता था। लेकिन आप गवाह हैं मध्यप्रदेश की धरती पर 1965 के बाद पहली बार रतलाम में मेडिकल कॉलेज खोलने का फैसला हमने किया। विकास के कामों को गिनाऊँगा तो सूची बहुत लंबी है।
सीएम ने कार्यक्रम में पहुंचते ही मंच संभाला और रैंप पर चलते हुए लाडली बहनों के लिए गीत भी गुनगुनाया। सीएम ने मौजूद लाडली बहनों पर फूल उड़ाकर उनका स्वागत किया। इस महासम्मेलन में शामिल होने के लिए एक लाख से ज्यादा लाड़ली बहनों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। शहर के नेहरू स्टेडियम में मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सीएम ने जिले की हजारों लाडली बहनों से सीधे संवाद किया। इस मौके पर जिले के प्रभारी मंत्री ओपीएस भदौरिया, सांसद गुमान सिंह डामोर, विधायक चेतन्य काश्यप, दिलीप मकवाना और राजेंद्र पांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
