भोपाल के समन्वय भवन में आयोजित रोजगार मेले में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय शासकीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
भोपाल । केंद्र सरकार युवाओं को नौकरी देने के लिए विशेष भर्ती अभियान चला रही है। इस सिलसिले में गुरुवार को आयोजित रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 71 हजार युवाओं को वर्चुअली नियुक्ति पत्र सौंपे। इसको लेकर प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीटी नगर में स्थित समन्वय भवन में भी विशेष रोजगार मेला कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए हैं। यहां उन्होंने केंद्रीय शासकीय सेवाओं में चयनित प्रदेश के अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटे और चयनित अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि सशक्त युवा और कुशल युवा यही हमारा संकल्प है। हम निजी क्षेत्र के साथ जुगलबंदी करके काम कर रहे हैं। 10 लाख रोजगार सृजित किए जायेगें। पिछली सरकारों में युवाओं को नौकरियों के लिए आफिस के बाहर लाइन लगानी पड़ती थी, सीवी देना पड़ता था। सरकारी महकमों के अगर कोई रिक्त जगह होती थी तो सालोंसाल वेकेंसी भरी नही जाती थी। पर आज आपको भटकना नहीं पड़ता। आज प्रधानमंत्री स्वयं ऐसे कार्यक्रम में आपको नौकरी का प्रमाण पत्र देते हैं। कार्यक्रम को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम में मप्र के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, भोपाल से लोकसभा सदस्य साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर, महापौर मालती राय समेत अनेक गणमान्यजन शामिल हुए।
