भोपाल . मध्य प्रदेश में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए हमलावर हो गए हैं. इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए बड़ा हमला बोला है. उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए सवाल पूछा है और उसका जवाब मांगा है.

कमलनाथ ने ट्वीट के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज पर हमला बोलते हुए कहा कि शिवराज जी मैंने सुना है कि आजकल आप अपने मुखारविंद से हर रोज एक नया झूठ बोल रहे हैं कि कमलनाथ ने योजनाएं बंद कर दीं. मेरे बारे में रोज अनर्गल बोलना आपकी आदत बन गई है, उससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता. लेकिन मध्य प्रदेश की जनता से झूठ और अन्याय मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा.

अपने ट्वीट में उन्होंने आगे कहा कि आप ईश्वर को और मध्य प्रदेश की जनता को साक्षी मानकर जीवन में एक बार सच बोलिए और बताइए कि मध्य प्रदेश के करोड़ों किसानों का हित करने वाली किसान कर्ज माफी योजना को आपने क्यों बंद कर दिया और 38 लाख किसानों को क्यों डिफाल्टर बना दिया?

कमलनाथ ने कहा कि आप बताइए कि महंगाई की मार से जूझ रही मध्य प्रदेश की जनता को कांग्रेस सरकार 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दे रही थी, आपने जनता का भला करने वाली इस योजना को क्यों बंद कर दिया? प्रदेश के किसान और आम आदमी के हित में चलाई गई योजनाओं को आखिर आपने किस नियत से बंद किया? जनता आपसे भाषण नहीं, जवाब और समाधान चाहती है.