भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है और जनता की जिंदगी बदलने का अभियान चल रहा है. बहनों की तरक्की में देश की तरक्की है. बहने आगे बढ़ेगी तो परिवार आगे बढ़ेगा, परिवार आगे बढ़ेगा तो समाज आगे बढ़ेगा और समाज आगे बढ़ेगा तो देश आगे बढ़ेगा. सरकार बहनों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने प्रदेश की सभी बहनों का आह्वान करते हुए कहा कि सब मिल कर कार्य करें और मध्यप्रदेश में एक नई सामाजिक क्रांति से नया जमाना लेकर आये.
मुख्यमंत्री चौहान बड़वानी जिले के निवाली में लाड़ली बहना महासम्मेलन में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने 371 करोड़ 25 लाख रूपये के कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया. इसमें 221 करोड़ 72 लाख रुपये के 9 कार्यों का भूमि-पूजन और 149 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत के 5 कार्यों का लोकार्पण शामिल है. मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजना में हितलाभ वितरण भी किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में आज बहनें भी सरकार चलाने का काम कर रही हैं. प्रदेश में पंचायत और नगरीय निकायों में बहनों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया, जिससे वे सरपंच, जनपद अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष बनी हैं और सरकार चला रही हैं. पुलिस में भी बहनों को 30 प्रतिशत और शिक्षकों की भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है. मकान, जमीन, जायदाद बहन-बेटियों के नाम हो, इसलिए उन्हें रजिस्ट्री स्टांप शुल्क में 2 प्रतिशत छूट दी गई है. मुख्यमंत्री ने कहा कि बरसो से मेरी तमन्ना थी कि मैं प्रदेश की अपनी समस्त बहनों को राखी पर उपहार दूँ. फिर मैंने सोचा कि यह उपहार वर्ष में एक बार ही क्यों हर माह दिया जाए. लाड़ली बहना योजना इसी सोच का परिणाम है, जिसमें बहनों को हर माह 1000 रूपये दिये जायेंगे.
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि पानसेमल में पाइप लाइन से नर्मदा का जल पहुँचाने के लिए तुरंत सर्वे करवाया जाएगा. उन्होंने प्रदेश की हर नगर पंचायत को विकास के लिए 2 करोड़ रुपये अतिरिक्त रूप से दिए जाने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि काजल माता सिंचाई परियोजना, सेंधवा लिफ्ट इरीगेशन और पानसेमल लिफ्ट इरीगेशन का कार्य भी किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने विभिन्न 10 तालाबों के लिये डीपीआर बनाने के निर्देश भी दिये.
पारंपरिक लोक नृत्य से हुआ स्वागत
मुख्यमंत्री के निवाली पहुंचने पर उनका पारंपरिक लोक नृत्यों के साथ स्वागत हुआ. मुख्यमंत्री ने विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा लगायी गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया. मुख्यमंत्री चौहान ने जनजातीय वीर नायकों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर देश के लिए उनके द्वारा दिये गये बलिदान का स्मरण किया.
प्रभारी मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना अद्भुत योजना है. वे प्रदेश के विकास और जनता के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं. सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने भी संबोधित किया. इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री हरदीप सिंह डंग, राज्य सभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी, जन-प्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में बहनें और जन-समुदाय उपस्थित था.
