घाटीगांव में सिमरिया मोड़ पर कपड़ा व्यापारी को लूट वाली घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। व्यापारी के साथ लूट का मास्टर माइंड उसका पड़ोसी दुकानदार निकला है। व्यापारी की दुकान सिमरिया टांका घाटीगांव में थी और अच्छी चलती थी। पड़ोसी दुकानदार को इससे जलन होती थी। उसने अपने कुछ पहचान वालों को लूट के लिए तैयार कर वारदात को अंजाम दिलवाया। पुलिस ने इस मामले में लूट का मास्टर माइंड व्यापारी सहित दो को गिरफ्तार किया है। तीन बदमाश अभी फरार हैं।15 दिन पहले बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात भीकम बंजारा निवासी सिमरिया टांका ने घाटीगांव थाना पहुंचकर अपने साथ हुई लूट की सूचना दी। भीकम ने बताया कि वह गांव में रेडीमेड कपड़ों की दुकान करता है। दुकान के लिए वह कपड़े लेकर शहर से गांव की ओर जा रहा था। वह सिमरिया मोड़ पर पहुंचा था तभी बाइक सवार एक युवक ने उसकी बाइक को कट मार दिया। उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान एक कार उसके पास आकर रुकी और उसमें से तीन युवक उतरे। कुल बदमाशों की संख्या 4 थी। इन्होंने उसे घेर कर पकड़ लिया और जंगल में खींच कर ले गए। जंगल में ले जाने के बाद बदमाशों ने मारपीट कर उससे बोरो में भरे नए कपड़े लूट लिए। बोरों में साड़ी, सूट, सफारी सूट, जींस पेंट, लोअर, टी शर्ट आदि कपड़े थे। बदमाशों ने उसके कपड़ों की भी तलाशी ली। जेब में रखे 500 रुपए भी लूट लिए। बदमाश व्यापारी का मोबाइल व बाइक नहीं ले गए।