दमोह. मध्य प्रदेश के दमोह के हटा तहसील मुख्यालय में शुक्रवार 14 अप्रैल को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि 2018 के चुनाव में जनता नेे हमें चुना, लेकिन भाजपा के दलबल ने हमारे बेईमान विधायकों को खरीद लिया और सरकार गिरा दी. उन्होंने ऐलान किया कि केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार आएगी तो दलबदल कानून में सुधार किया जाएगा, ताकि इस तरह सरकारों को गिराया नहीं जा सके.
श्री सिंह ने कहा कि हमारी 15 महीने की सरकार ने किसानों के हित में कार्य किया. बिजली बिल, कर्जमाफी जैसे अनेक कार्य कर घोषणा पत्र का पालन किया. भाजपा ने घोषणा पत्र को भुला दिया. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ढिंढोरा पीटते की कर्ज माफ नहीं हुआ जबकि उनके गृहग्राम में उनके रिश्तेदार किसानों का कर्ज माफ हुआ. इसके आंकड़े हमारे पास हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के आईटी सेल अध्यक्ष और बजरंग दल के नेता पाकिस्तान के लिए जासूसी करते पकड़े गए, लेकिन शिवराज सरकार ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की, उल्टे मेरे बयान पर राष्ट्रद्रोह की बात कही गई. इस आरोप पर मैं खुद पुलिस थाने चला गया तो पुलिस ने बताया कि मेरे खिलाफ कोई केस ही नहीं बनता. श्री सिंह ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और प्रधानमंत्री मोदी पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए महंगाई और घोटालेबाजों के साथ देने के आरोप लगाए और नीरव मोदी, विजय माल्या से लेकर अडानी तक पर सवाल किए,
दिग्विजय सिंह ने पूर्व मंत्री राजा पटेरिया मामले पर कहा कि उन्हें अकारण फंसाया गया है, भाजपा द्वारा कांग्रेस नेताओं पर झूठे मुकद्दमे बनाने के भी आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पूरे प्रदेश में कांग्रेस नेताओं पर झूठे मामले बनवा रही, सागर के खुरई में तो एक नेता की मिलीभगत से लगातार कांग्रेसियों पर झूठे मामले बनाए जाते हैं. अनेक मामलों में एक ही फरियादी है और यदि किसी मामले में फरियादी नहीं तो गवाह बना है, जो प्रकरण के फर्जी होने का सबूत है.
उन्होंने कहा कि आचार संहिता लगते ही कांग्रेसी मैदान में होंगे.दल बदल कर सरकार बनाने के कारण दलीय राजनीति पर मंडराते खतरे से निपटने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस सरकार बनते ही दल बदल रोधी कानून सख्त किया जाएगा और दलबदल करने बालो के चुनाव लडऩे पर रोक लगाई जाएगी. उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर, हिंदुत्व पर कांग्रेस के रुख, महंगाई आदि के मुद्दे पर बेबाकी से जवाब दिए और आश्वस्त किया कि आगामी चुनाव में भाजपा को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे,,जनता के मुद्दों पर जोरदार तरीके से आंदोलन करेंगे.
