भोपाल । मध्य प्रदेश में कोरोना के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना के 67 नये मामले सामने आए हैं, जबकि 57 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं। इसके बाद राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 331 हो गई है। वहीं, राज्य में कोरोना से एक मरीज की मौत भी हुई है। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार देर शाम जारी कोविड-19 बुलेटिन में दी। एक दिन पहले राज्य में कोरोना के 57 नए मामले सामने आए थे।

कोविड-19 बुलेटिन के अनुसार आज प्रदेशभर में 858 सेम्पलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, इनमें 67 की रिपोर्ट पाजिटिव आई, जबकि 791 सेम्पल निगेटिव पाए गए। पॉजिटिव प्रकरणों का प्रतिशत (संक्रमण की दर) 7.8 रहा। नए मामलों में भोपाल में 20, इंदौर में 10, ग्वालियर-जबलपुर में 8-8, राजगढ़ में 7, सागर-सीहोर में 5-5, रायसेन में 2 तथा हरदा और खंडवा जिले में एक-एक मरीज संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, खुशी की बात है कि राज्य के 40 जिले अब भी पूरी तरह कोरोना संक्रमण से मुक्त हैं। इन जिलों में कोरोना का एक भी सक्रिय मरीज नहीं है।

प्रदेश में अब तक कुल 3 करोड़ 3 लाख 15 हजार 057 लोगों के सेम्पलों की जांच की गई। इनमें कुल 10,55,797 प्रकरण पाजिटिव पाए गए। इनमें 10,44,686 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। इनमें से 57 मरीज बुधवार को स्वस्थ हुए। अब यहां सक्रिय प्रकरणों की संख्या 322 से बढ़कर 331 हो गई। वहीं, राज्य में कोरोना से एक मरीज की मौत की पुष्टि हुई है। मृतक जबलपुर जिले का निवासी था। इसके बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 10,780 हो गई है।