जबलपुर। रानी दुर्गावती लेडी एल्गिन अस्पताल में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर 34 वर्षीय महिला शुभांगी यादव ने 5.2 किलोग्राम वजनी स्वस्थ बेटे को जन्म दिया है। बच्चे का जन्म ऑपरेशन से हुआ और उसका वजन देखकर डॉक्टर भी दंग रह गए। डॉक्टरों के अनुसार, आमतौर पर नवजात शिशु का औसत वजन 2.8 से 3.2 किलोग्राम होता है, लेकिन 5 किलोग्राम से अधिक वजन का बच्चा होना हजारों प्रसव में कभी-कभार ही देखा जाता है। बच्चे का जन्म जबलपुर के अस्पताल में हुआ है। डॉक्टरों का मानना है कि पांच किलोग्राम से ज्यादा वजन का बच्चा होने का कारण मां की गर्भावस्था के दौरान पोषणयुक्त डाइट हो सकती है। ऐसे मामलों में सिजेरियन डिलीवरी भी चुनौतीपूर्ण साबित होती है। यह बहुत ही रेयर केस है। फिलहाल मां और शिशु दोनों स्वस्थ हैं।

बच्चे की मां का कहना था कि अभी गणेश उत्सव चल रहा है और भगवान गणेश ने हमारे यहां जन्म लिया है। बच्चे के जन्म से परिवार में खुशी का माहौल है। मां और बेटे दोनों का पूरी तरह से स्वस्थ होना परिजनों की खुशियां बढ़ा रहा है। महिला का कहना है कि गर्भावस्था के दौरान उसने कोई भी विशेष डाइट नहीं ली थी। वह सामान्य खाना (दाल, चावल, रोटी, सब्जी) खा रही थी। इसके बावजूद ज्यादा वजन के साथ स्वस्थ्य बच्चे का होना बेहद खुशी की बात है।