छिंदवाड़ा/सतना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा और सतना में महापौर और पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में जनदर्शन यात्रा कर जनता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार प्रदेश में विकास कर रही है। केन्द्र और राज्य के साथ मिलकर आपका शहर भी विकास की ओर आगे बढ़े, इसके लिए भाजपा के महापौर प्रत्याशी और पार्षदों को जिताकर भाजपा की नगर सरकार बनाएं। जनदर्शन यात्रा के दौरान छिंदवाडा और सतना में जनता ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुरू की यात्रा
मुख्यमंत्री चौहान ने शुक्रवार को छिंदवाड़ा पहुंचकर स्वतंत्रता संग्राम सेनामी जगमोहन श्रीवास्तव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर जनदर्शन यात्रा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री के साथ महापौर प्रत्याशी अनंत धुर्वे, चुनावी प्रभारी विनोद गोटिया, जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री चौधरी चन्द्रभान सिंह एवं जितेन्द्र शाह सहित वरिष्ठ नेतागण जनदर्शन यात्रा के लिए निकले। मुख्यमंत्री का काफिला शहर के वार्ड क्र. 41 की प्रमुख गलियों से होते हुए राजपाल चौक पहुंचा। रास्ते में यात्रा का जगह जगह सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। आमजन अपने घरों से मुख्यमंत्री के काफिले पर पुष्पवर्षा कर स्वागत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने जनता को हाथ जोड़ते हुए अभिवादन किया और महापौर प्रत्याशी अनंत धुर्वे सहित छिंदवाडा के सभी पार्षद प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी 6 जुलाई को होने वाले नगर निगम चुनाव में कमल का बटन दबाएं और प्रदेश के साथ ही छिंदवाड़ा में हो रहे विकास कार्यो को गति देने में अपना योगदान दें।

कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री भाजपा में हुईं शामिल
छिंदवाडा में मुख्यमंत्री चौहान के समक्ष कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कामिनी शाह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुई। मुख्यमंत्री एवं पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया।

1 हजार करोड़ से होगा सतना का विकास
सतना में मुख्यमंत्री चौहान ने संविधान निर्माता बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर जनता को संबोधित किया। जिसके पश्चात उन्होंने जनदर्शन यात्रा की शुरूआत की। जनदर्शन यात्रा में उन्होंने कहा कि विकास के रनवे पर उड़ान भरने के लिए सतना तैयार है। सतना बनाने का जो मेरा सपना है वह ग्रीन सिटी सतना, हाईटेक सिटी सतना, स्वच्छ और विकसित शहर हो, जो रोजगार देने मे सक्षम हो। सतना के फ्लाई ओवर, मेडिकल कालेज, सीवेज सिस्टम, स्मार्ट सिटी सतना विकास की राह मे तेजी से चल पड़ा है। इसके लिए हमने 1 हजार करोड़ रुपये दिए हैं। यह पैसा विकास के लिए सही ढंग से लग जाए, इसके लिए भाजपा के महापौर प्रत्याशी योगेश ताम्रकार और सभी पार्षद प्रत्याशियों को जिताएं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ मुख्यमंत्री थे तो कहते थे कि मेरे पास पैसा नहीं है और मै कहता हूं कि मेरे पास पैसे की कोई कमी नहीं है। सतना के विकास के लिए पैसे की कमी नहीं आने दूंगा।