भोपाल। कोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार और आक्सीजन व रेमिडीसिविर इंजेक्शन की आपूर्ति को लेकर अब सरकार के साथ भाजपा कार्यकर्ता भी जनता के बीच समन्वय बनाने में तेजी लाएंगे। इसको लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की आज प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये चर्चा हुई। इसमें भाजपा द्वारा शुरू किए गए सेवा ही संगठन 2 को लेकर भी विचार किया गया।

सरकार द्वारा कोविड केयर सेंटर बनाने के लिए स्वयं सेवी संगठनों की मदद लेने के साथ लोगों को भोजन आदि सुविधाएं दिए जाने पर भी विचार किया गया कि कैसे संकट को देखते हुए प्लानिंग कर काम करना है। इसके अलावा आने वाले दिनों में किए जाने वाले प्रयासों को लेकर भी चर्चा की गई।

सीएम चौहान ने इसके बाद मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी विवेक जौहरी, एसीएस होम राजेश राजौरा, एसीएस स्वास्थ्य मो. सुलेमान, प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, नीतेश व्यास तथा गृह विभाग के अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कोरोना उपचार के लिए जरूरी दवा रेमिडीसिविर की कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए।

आक्सीजन की सप्लाई, टैंकरों से लाने के दौरान टेÑकिंग और उपलब्धता पर भी इस मौके पर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मंत्रियों को कोरोना नियंत्रण के लिए सौंपे गए प्रभार का पालन अधिकारियों को कराने के लिए कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *