मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान का शुक्रवार को तीसरा और आखिरी चरण है। वोटिंग सुबह सात बजे से शुरू हुई, जो तीन बजे तक चलेगी। तीसरे चरण में 39 जिलों की 92 विकासखंडों की 6,607 ग्राम पंचायतों में वोटिंग हो रही है। आखिरी चरण में एक करोड़ 13 लाख 11 हजार 479 वोटर ‘गांव की सरकार’ चुनेंगे। वोटिंग को लेकर मतदाताओं में उत्साह दिख रहा है।

मुरैना में गड़बड़ियां न हो, इसलिए बुलडोजर के साथ फ्लैग मार्च
मुरैना में उपद्रव को लेकर आगाह करने के लिए प्रशासन ने अनूठा रास्ता निकाला। उन्होंने बुलडोजर के साथ फ्लैग मार्च निकाला। संदेश साफ है कि अगर उन्होंने किसी तरह का उपद्रव किया तो यह बुलडोजर उनके अवैध मकानों को ध्वस्त कर देंगे। मुरैना में इससे पहले हुए मतदान में उपद्रव हुआ था। तहसीलदार समेत छह लोग घायल हुए थे। प्रशासन को बुलडोजर चलाना पड़ा था।

शुजालपुर में सहायक पीठासीन अधिकारी की मौत
शुजालपुर में सहायक पीठासीन अधिकारी राधेश्याम डडानिया की हार्ट अटैक से मौत हो गई। रात दो बजे तबियत बिगड़ने पर उन्हें सिटी सिविल अस्पताल ले गए। वहां उन्हें मृत घोषित किया गया। वहीं दमोह में मतदानकर्मी अशोक कुमार झारिया को सोते समय एक सांप ने डंस लिया।