मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे में महिला पत्रकार की मौत हो गई। मूल रूप से बिहार की रहने वाली मृतका सपना रोज की तरह रैपिडो बाइक बुक करके अपने ऑफिस जा रही थी, तभी रास्ते में हुए एक घटनाक्रम ने उसकी जान ले ली।
जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना सुबह करीब 8 बजे भदभदा चौराहे के पास हुई। सपना रैपिडो बाइक पर सवार होकर अपने दफ्तर जा रही थी। इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार ने तेजी से रैपिडो चालक को कट मार दिया, जिससे रैपिडो का संतुलन बिगड़ गया और सपना बाइक से नीचे सड़क पर गिर पड़ी। सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रहा एक तेज रफ्तार डंपर उसके सिर को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सुबह के समय जब भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होता है, तब एक डंपर नो एंट्री जोन में कैसे घुस आया? इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। मृतका सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी और भोपाल में रहकर निजी न्यूज चैनल में आउटपुट डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रही थी। सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि कट मारने वाले बाइक चालक और फरार डंपर चालक दोनों की शिनाख्त कर जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
