नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह की भारत जोड़ो यात्रा में फायरिंग का प्रयास किया गया। यात्रा में चल रहे कांग्रेस पार्षद के बेटे से पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी युवक ने कट्टा निकाल लिया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. सिंह ने एसपी को पूरे मामले की जानकारी दी।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने बताया कि वे भिंड से भारत जोड़ो यात्रा लेकर निकले थे। यात्रा ग्वालियर जिले के कार्यकर्ताओं के सुपुर्द की जानी थी। यात्रा में पार्षद बलवीर सिंह तोमर का बेटा भी साथ चल रहा था। एक जगह हम चाय पीने के लिए रुके थे। तभी एक युवक ने पार्षद के बेटे पर कट्टा निकालकर फायर करने की कोशिश की। आसपास मौजूद लोगों ने समय रहते उस लड़के को पकड़ लिया। इस दौरान एक कार्यकर्ता को उंगली में चोट लग गई। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भिंड जिले की सीमा तक यात्रा में पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था थी, लेकिन ग्वालियर जिले में कोई व्यवस्था नहीं थी। आज ईश्वर की कृपा और लोगों की सजगता से बड़ी घटना बच गई। गृहमंत्री का गृह जिला होने के बावजूद कानून व्यवस्था चौपट है।