भोपाल।  नगरीय निकाय चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ आज उज्जैन में चुनावी सभा में भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर को विस्तार देने की योजना और उसके लिए बजट का प्रावधान हमारी सरकार ने किया था। भाजपा की 15 साल की सरकार ने भगवान महाकाल मंदिर के विस्तार को लेकर कभी नहीं सोचा और अब श्रेय लेने का प्रयास किया जा रहा है।

इससे पहले कमलनाथ ने भगवान महाकाल की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा भी थे। उसके बाद नाथ ने पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने उज्जैन नगर निगम में कांग्रेस की स्थिति को लेकर विस्तार से पार्टी नेताओं से चर्चा की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सभी नेता मिलकर महापौर और पार्षद को जिताने के लिए एक जुट हो जाएं। इस बैठक के बाद वे सभा स्थल पहुंचे। जहां पर उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल की नगरी के लोगों को सच्चाई का साथ देना चाहिए। कांग्रेस ने अपने 15 महीने की सरकार में नीति और नियत दिखाई। हमने विकास का नाया खाका खींचा था। महाकाल और ओंकारेश्वर मंदिर के विस्तार को लेकर हमारी सरकार ने काम किया। इसके बाद भी भाजपा सरकार इसका श्रेय ले रही है। यहां की जनता जानती हैं कि किसने यहां पर काम किया है।

सिर्फ घोषणा करती है भाजपा सरकार
कमलनाथ ने कहा कि भाजपा की सरकार सिर्फ घोषणा करती हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करती है। प्रदेश की सरकार के पास विजन ही नहीं हैं। प्रदेश में बेरोजगारी बहुत बड़ी समस्या हैं, लेकिन इस पर प्रदेश सरकार का ध्यान नहीं हैं। कांग्रेस का महापौर बना तो यहां पर मेयर रोजगार योजना लाई जाएगी।हमारी सरकार 16 महीने बाद बनने जा रही हैं। इसके बाद हम और उज्जैन के कांग्रेस के महापौर मिलकर यहां का सुव्यवस्थित विकास करेंगे।