ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कोरोना कर्फ्यू के दौरान महंगे दामों पर बेचने ले जा रहे अवैध शराब की खेप सहित दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से एक लग्जरी कार भी बरामद हुई है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है।
ग्वालियर सर्किल सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया, कि बीती देर रात्रि मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक कार में अवैध शराब की खेप जा रही है, जो सागरताल रोड से आनंद नगर होती हुई पुरानी छावनी की तरफ जाने वाली है। इस पर बहोड़ापुर थाना टीआई अमर सिंह सिकरवार को यह जानकारी देकर कार्रवाई करने की टास्क दी, जिसके बाद बहोड़ापुर टीआई ने वहां से निकल रही एक लग्जरी कार को रोकने का प्रयास किया। इसपर उसका चालक गति बढ़ाकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे मौजूद जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए धरदबोचा। पुलिस द्वारा कार की तलाशी ली गई, तो उसमें कार्टूनों में भरे हुए 340 क्वार्टर देशी प्लेन शराब मिली। इस पर पुलिस द्वारा शराब से भरी कार को बरामद करने के साथ ही उसमें सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर थाने लाया गया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम अमरदीप उर्फ लालू पुत्र अनिल शिवहरे निवासी पुरानी छावनी व विक्की राय बताया। आरोपियों बताया कि वो यह शराब कोरोना कर्फ्यू के दौरान महंगी कीमत पर बेचने को ले जा रहे थे। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर इस बात की पड़ताल शुरू कर दी है कि यह शराब किसी लायसेंसी ठेके से निकली है, अथवा किसी अवैध ठिकाने से लाई गई है।
