भोपाल। कोरोना कर्फ्यू के दौरान अब सब्जी ठेले वाले हफ्ते में तीन दिन गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को ही सब्जी बेच सकेंगे। जिला प्रशासन ने रविवार से ठेलों पर सब्जी बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बाद पुलिस ने रविवार को कॉलोनियों में सब्जी बेचने आए ठेले वालों को भगा दिया। वहीं नगर निगम कर्मचारी दिनभर एनाउंस करते रहे कि अब ठेले वाले हफ्ते में तीन दिन ही सब्जी बेच सकेंगे। वर्तमान में ग्यारह मील बायपास, लांबाखेड़ा, फंदा और मक्सी गांव के पास बनाई गई आस्थायी सब्जी मंडियों में व्यापारियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। दरअसल, यहां पहुंचने वाले सब्जी व्यापारी न तो मास्क लगा रहे हैं और न ही सोशल डिस्टेंसिग का पालन किया जा रहा है। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। यही नहीं, यहां से आने वाली सब्जी ही व्यापारी कॉलोनियों, बस्तियों और मोहल्लों में बेचते हैं, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा ज्यादा है। ऐसे में शहर के बाहर लगने वाली इन अस्थायी सब्जी मंडियों को हफ्ते में तीन दिन ही लगाया जाएगा।
नगर निगम लॉकडाउन में लोगों के घरों तक रोजाना सब्जी और राशन नहीं पहुंचा पा रहा है। वहीं अब सब्जी बेचने वाले ठेले पर भी पाबंदी लगाई जा रही है। ऐसे में तो आम आदमी की मुसीबतें बढ़ेंगी।
नेहा तिवारी, कोलारकोरोना संक्रमण के चलते हाथ ठेले वालों को हफ्ते में तीन दिन सब्जी बेचने की छूट दी गई है। इसकी जानकारी ठेले वालों और लोगों को देने के लिए हमने रविवार को एनाउंसमेंट कराया है।
कमर साकिब, अतिक्रमण अधिकारी, निगम
