भोपाल। भोपाल के शासकीय जयप्रकाश अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती एक मरीज का शव शौचालय में मिलने के मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। अस्पताल के सिविल सर्जन एवं मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ राकेश श्रीवास्तव ने कल इस मामले की जांच के आदेश देते हुए रिपोर्ट शीघ्र पेश करने के लिए कहा है। जांच के लिए तीन सदस्यीय दल बनाया गया है। इस गंभीर मामले में प्रारंभिक पड़ताल के आधार पर शौचालय की साफ सफाई एवं निरीक्षण के दायित्व से जुड़े तीन कर्मचारियों को कल ही निलंबित कर एक चिकित्सक डॉ योगेंद्र श्रीवास्तव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।  

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के संबंध में बताया गया है कि होमगार्ड जवान पुष्पराज सिंह गौतम को सांस संबंधी तकलीफ के कारण 21 मार्च को यहां अस्पताल के रेस्पेरेटरी वार्ड में भर्ती कराया गया था। ऑक्सीजन की कमी के कारण उन्हें ऑक्सीजन भी दी जा रही थी। अगले दिन यानी 22 मार्च को सुबह आठ बजे चिकित्सकों के राउंड के दौरान मरीज पुष्पराज सिंह गौतम अपने पलंग पर नहीं मिले।

  इसके बाद उन्हें खोजा गया और नहीं मिलने पर पुलिस के समक्ष उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज करायी गयी। इस बीच 23 मार्च को अपरान्ह गौतम का शव अस्पताल के एक शौचालय में मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मरीज की मृत्यु का वास्तविक कारण पता चल सकेगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *