ग्वालियर। रिक्शा चलाने वाली एक महिला को अपने केबिन में बुलाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले कंपू थाने के तत्कालीन टीआई केएन त्रिपाठी को बर्खास्त कर दिया गया है। मामला अक्टूबर 2020 का है, जब तत्कालीन टीआई पर महिला छेड़छाड़ और धमकाने का मामला दर्ज करवाया था। एफआईआर होने के बाद टीआई को निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद केएन त्रिपाठी लंबे समय तक फरार रहे थे। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।

 दरअसल, कंपू इलाके में ई-रिक्शा चलाने वाली 30 वर्षीय महिला अपनी एक सहेली के पति को छुड़ाने के लिए अक्टूबर 2020 में कंपू थाना पहुंची थीं। उस समय थाने मे केएन त्रिपाठी टीआई के रूप मे पदस्थ थे। टीआई ने महिला को अपने केबिन में बुलाया। वहां TI ने महिला के काम के बदले में उसे कुछ शर्तें मानने के लिए कहा। इस दौरान महिला का सोशल मीडिया पर एक मैसेजिंग एप का नंबर ले लिया।इसके बाद TI, महिला को एक रेस्टोरेंट में मिलने के लिए मैसेज करने लगा। मैसेजिंग एप पर उससे संबंध बनाने के लिए चैट करता रहा। इतना ही नहीं मैसेज में लिखता था कि तुम्हारी ई-रिक्शा से हिल पर सैर करने चलेंगे। इसके बाद महिला ने रेस्टोरेंट जाने के बदले सीधे थाने पहुंचना मुनासिब समझा। जब महिला थाना पहुंच गई तो TI ने उसे केबिन में बुलाया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला वहां से भाग आई। यह बात पीड़ित महिला ने एक महिला काउंसलर को बताई। बाद में मामला महिला बाल विकास के जरिए ग्वालियर SP अमित सांघी के पास पहुंचा। हंगामा हुआ तो महिला थाना में तत्कालीन TI कंपू केएन त्रिपाठी के खिलाफ FIR हुई। FIR के साथ ही तत्काल उसे सस्पेंड कर दिया गया। इसके बाद से ही TI केएन त्रिपाठी फरार था।

बताया जाता है कि मामला दर्ज होने के बाद टीआई महिला पर लगातार राजीनामा के लिए धमका रहा था। मामला बढ़ने के बाद संस्पेंड TI को बर्खास्त कर दिया गया है। मामले में आईजी ग्वालियर अविनाश शर्मा ने तत्कालीन TI को बर्खास्त करने की पुष्टि की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *