गुना। मध्यप्रदेश के गुना में एक घर में अवैध पटाखा बनाते समय विस्फोट हो गया। इस धमाके में घर की छत उड़ गई और मासूम बच्चे समेत तीन महिलाएं बुरी तरह से जख्मी हो गई हैं। बच्चे और एक महिला को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है। विस्फोट के बाद घर में आग लग गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिस घर में पटाखों का विस्फोट हुआ है, उसे किराए पर रमजान खान (रमजू) ने लिया था और दिवाली को देखते हुए अवैध पटाखा बना रहे थे। आज घर में जोरदार धमाके के साथ विस्फोट हुआ और घर की छत उड़ गई और घर की ईंटें 20-30 मीटर दूर छिटक गईं और घर पूरी तरह से ढह गया। इसमें तीन महिलाएं और एक मासूम बच्चा समीर जख्मी हो गया। इसमें बच्चे और एक महिला की हालत गंभीर है। उन्हें भोपाल रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि जिस घर में पटाखा बनाया जा रहा था, वह जब थाने से करीब 100 मीटर की दूरी पर है। वहां पर अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। घायल होने वाली तीन महिलाएं जायरा, रुखसार और जरीना शामिल हैं। ये सभी रमजान खान के परिवार की ही बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ही गुना के कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने पटाखा निर्माण को लेकर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था लेकिन यहां पर तब कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई थी।
लोगों के बताया कि आग लगने के बाद फायर बिग्रेड की गाडियों को सूचना दी गई ,लेकिन फायर बिग्रेड की गाडियां मौके पर नहीं पहुंची। रिहायशी इलाके में संकरी गली होने के कारण लोगों को बाहर निकलने में मशक्तत करनी पड़ी। लोगों ने बताया कि आग बुझाने के लिए किसी ने केन तो किसी ने घर के बर्तनों में रखे पानी से आग बुझाई।
गुना की एसडीएम शिवानी गर्ग ने बताया कि घनी बस्ती में एक घर में पटाखा बनाने का काम चल रहा था, जिसमें विस्फोट हुआ है। 4 लोग घायल हुए हैं, इनमें से 2 की हालत गंभीर होने से उन्हें भोपाल रेफर किया गया है। इन पर लाइसेंस था या नहीं, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
