जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में ऑक्सीजन की कमी से लगभग 5 लोगों की मौत हो गई। गुरुवार सुबह आगा चैक स्थित लाइफ मेडिसिटी हार्ट सेंटर में ऑक्सीजन खत्म होने से 82 वर्षीय वृद्धा ने दम तोड़ दिया। वहीं सुखसागर मेडिकल कॉलेज में 4 मरीजों की मौत हो गई। इसके अलावा कई मरीजों की हालत नाजुक बताई जा रही है। हालांकि, प्रशासन की ओर से अब तक कोई भी बयान सामने नहीं आया है।
जानकारी के मुताबिक शहर में वैसे ही ऑक्सीजन की किल्लत थी। इसी बीच रिछाई स्थित एक लिक्विड प्लांट में खराबी आने से शहर में हाहाकार मच गया। मरीजों के परीजन जहां पहले रेमेडिसिविर को लेकर यहां-वहां भटक रहे थे, तो देर रात ऑक्सीजन के लिए भी कुछ ऐसा ही माहौल निर्मित हो गया।
4 मरीजों की अचानक मौत के बाद मरीजों के परिजनों ने सुखसागर मेडिकल कॉलेज में जमकर हंगामा कर दिया। जिसके बाद डॉक्टर व स्टाफ भाग निकले। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया और आनन-फानन में 10 सिलेंडर मंगवाकर बाकी मरीजों को लगाए गए।
लार्डगंज पुलिस के मुताबिक थाने के एसआई इंजन सिंह का मेडीसिटी अस्पताल में ऑक्सीजन समाप्त होने की वजह मरीज की मौत की सूचना मिली। वे तत्काल अस्पताल पहुंचे। एसआई ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत टीआई प्रफुल्ल श्रीवास्तव व सीएसपी दीपक मिश्रा को इस बात से अवगत कराया, जिसके बाद ऑक्सीजन की व्यवस्था हुई और अन्य मरीजों की जान बच गई।
