जबलपुर। कहते हैं प्यार अंधा होता है फिर वह भले ही एकतरफा हो। मध्यप्रदेश के जबलपुर में एक युवती अपने जीजा के साथ पत्नी बनकर रहना चाहती थी, इसलिए उसने अपनी ही बडी बहन को रास्ते से हटा दिया। शहपुरा में हुई महिला की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कॉलेज छात्रा ने पुलिस को यह बयान दिए। पूछताछ के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी युवती के कब्जे से उसके खून लगे कपडे जब्त किए हैं।
बताया जाता है कि बीए द्वितीय वर्ष में अध्यनरत आरोपी छात्रा के जीजा के साथ रहने की जिद में आए दिन विवाद होता था। वह अक्सर जीजा के घर पहुंच जाती थी। इसके विपरीत जीजा उसे अपने साथ रखने तैयार नहीं था। इधर हत्याकांड में मृतका के पति की भूमिका का पता नहीं चल पाया है। छपरट गांव शहपुरा निवासी शताक्षी राजपूत (19वर्ष) ने अपनी गर्भवती बडी बहन कैथरा मोहल्ला शहपुरा निवासी अभिलाषा (23वर्ष) पति अनमोल राजपूत की चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी।
वारदात के दौरान अभिलाषा स्नान कर रही थी। घटनास्थल से शताक्षी को मुंह पर कपडा बांधकर भागते हुए लोगों ने देखा था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे शहपुरा-नरसिंहपुर मार्ग पर पकडा था।
