ग्वालियर। केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आज कहा कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली सफलता से साबित होता है कि अब देश में झूठ और भ्रम फैलाने वालों की राजनीति अब नहीं चलेगी।

श्री तोमर ने यहां आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अगर चलेगी तो भ्रष्टाचार खत्म करने वाली, राष्ट्रवाद वाली और भारतमाता को परमवैभव पर पहुंचाने वाली राजनीति। उन्होंने चुनाव में मिली सफलता के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कई तरह के पूर्वानुमान, आंकड़े आ रहे थे, लेकिन पूर्वानुमान बताने वाले किसी विशेषज्ञ को भी यह पता नहीं था कि भाजपा के कार्यकर्ता ने क्या संकल्प कर रखा है।

उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की अगुवाई में 300 पार का संकल्प कर रखा था और भाजपा का कार्यकर्ता संकल्प कर लेता है, तो उससे पीछे नहीं हटता। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद 65 वर्षों में ग्वालियर तक सिर्फ एक ही हवाई जहाज आता रहा, वह भी सप्ताह में तीन दिन, लेकिन भाजपा सरकार ने अपने पांच सालों के कार्यकाल में ग्वालियर को चार हवाई जहाज दिये।

श्री तोमर ने कहा कि लोकतंत्र में संख्या बल का बहुत महत्व है, लेकिन संख्या बल भी वहीं एकत्रित होता है, जहां संकल्प की पवित्रता हो। इसी का परिणाम है कि हमने कई प्रदेशों और देश में भी सरकार बनाई। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की पिछले पांच वर्षो की उपलब्धियां भी गिनायीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *