इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के बायपाय स्थित सेज यूनिवर्सिटी के पास गुरुवार दोपहर हुए एक हृदय विदारक हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई जबकि 7 साल का मासूम बच्चा गंभीर घायल हो गया। यहां निर्माणाधीन ब्रिज का गड्ढा बचाने के लिए जैसे ही बाइक सवार ने ब्रेक मारे तो टैंकर ने पीछे से रौंद दिया। पत्नी को 50-60 फीट तक घसीटते ले गया, जिससे उसके शव के दो टुकडे हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्काजाम कर दिया। उनका कहना है कि 25 दिन में 4 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन कोई प्रबंध नहीं किए जा रहे हैं।

राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार सडक हादसे में रंगवासा में रहने वाले रामेश्वर पिता बद्रीलाल बोडाना और उनकी पत्नी प्रेमाबाई की मौत हो गई, जबकि 7 साल का बच्चा मोंटी बाल-बाल बच गया। परिजन ने बताया कि रामेश्वर गुरुवार को पत्नी व बच्चे को बाइक (एमपी 09 एनके 8518) पर बैठाकर रंगवासा से देवास के बरलई अपनी बहन से मिलने जा रहा था। यह लोग राऊ बायपास स्थित सेज यूनिवर्सिटी के पास पहुंचे थे, जहां एक ब्रिज का निर्माण हो रहा है। वहां डायवर्शन के लिए खोदे गए एक गड्ढे को बचाने के लिए रामेश्वर ने ब्रेक लगाए, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे टैंकर (यूपी 78 सीटी 2829) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से पत्नी की गोद में बैठा बच्चा दूर जा गिरा। वहीं टैंकर पति-पत्नी को रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना हृदय विदारक था कि मृतक महिला का शव दो टुकडों में बंट गया। वहीं पति का शव भी क्षत विक्षत हो गया। रामेश्वर के भाई जगदीश के अनुसार रामेश्वर बिजली विभाग को लेबर सप्लाई करने वाली बीवीसी कंपनी में लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। वह मूल रूप से देवास के एक गांव भीलाखेडा में रहने वाला था। पिछले 7 साल से नौकरी की वजह से अपने ससुराल रंगवासा में रहता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *