टीकमगढ। मध्यप्रदेश के टीकमगढ जिले के पृथ्वीपुर जिले के सियाखास पंचायत में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ फंदा लगाकर आत्म हत्या कर ली। देवर स्कूल से घर पहुंचा तो भाभी और दोनों भतीजे फंदे पर लटके मिले। देवर ने तीनों को उतारकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों ने दम तोड दिया था। घटना के समय सास-ससुर खेत पर और पति किराने की दुकान पर बैठा था।

संगीता पत्नी उपेंद्र यादव उम्र 25 वर्ष, उसके बेटा शुभराज यादव 3 वर्ष और छोटे बेटे सोम यादव उम्र 6 माह के शव मकान के कमरे में लगे लोहे के पाइप से लटके मिले। संगीता का देवर उत्तम यादव उम्र 20 वर्ष स्कूल से घर पहुंचा तो भाभी और भतीजों को फांसी पर लटका देख घबरा गया। वह घर में चीख-चींखकर रोने लगा। चीखें सुनकर आसपास के लोग आ गए।

लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सास-ससुर और गांव में किराने की गुमटी खोले मृतका के पति उपेंद्र यादव को जानकारी लगते ही वह पहुंचा। पिता ने आरोप लगाया है कि मेरी बेटी को प्रताडित किया जाता था।

निवाडी एसडीओपी लखन घनघोरिया, पृथ्वीपुर एसडीएम कुशल सिंह गौतम और तहसीलदार आरएस प्रजापति सहित थाना जेरोन, सिमरा, टेहरका, ओरछा, निवाड़ी सहित पृथ्वीपुर से पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार मां ने एक ही रस्सी के तीन फंदे बनाए थे। पहले बडे बेटे को और फिर छोटे बेटे को फंदे पर लटकाया। इसके बाद खुद फांसी पर झूल गई। टीकमगढ से एफएसएल टीम जांच करने घटनास्थल पर पहुंची।

थाना प्रभारी मृगेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि एफएसएल टीम द्वारा जांच की गई है। मृतका संगीता यादव के पिता जेरोन क्षेत्र के देवना गांव निवासी मनु यादव ने ससुराल पक्ष पर प्रताडना का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी अक्सर फोन पर ससुराल वालों द्वारा प्रताडित करने की बात करती थी। घटना से गांव में मातम पसर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *