ग्वालियर। माध्यमिक शिक्षा मण्डल परीक्षाओं में नकल में संलिप्तता पाने पर परीक्षा कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारियों की बर्खास्तगी की जाएगी। पारदर्शी परीक्षाएं कराने के लिए केन्द्राध्यक्षों की हई बैठक में कलेक्टर इलैया राजा टी ने कहा कि अगर परीक्षा कार्य में तैनात किसी भी व्यक्ति की नकल में संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर कराने के साथ ही नौकरी से बर्खास्तगी जक की कार्यवाही की जाएगी। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी एसएन तिवारी, राज्य शिक्षा केन्द्र के जिला परियोजना समन्वयक डीपी शर्मा, सहित केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष उपस्थित थे।
परीक्षा में एस्मा लागू किया गया है। इस दौरान केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष, पर्यवेक्षकों सहित अन्य कोई कर्मचारी नकल जैसे घृणित कार्य में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर कराने के साथ ही नौकरी से बर्खास्तगी तक की कार्यवाही की जाएगी। पुलिस कक्ष में चैकिंग में अगर नकल की एक पर्ची भी मिलती है तो केन्द्राध्यक्ष व पर्यवेक्षक के खिलाफ तत्काल कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा के दौरान छात्र कॉपी पर निशान भी न लगाएं। किसी भी परीक्षा केन्द्र पर यदि 4 छात्रों की कॉपी में भी एक जैसा लिखा मिला तो सामूहिक नकल का प्रकरण बनाया जाएगा साथ ही केन्द्राध्यक्ष व पर्यवेक्षक के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण सिंह ने कहा कि मैंने जितनी तैयारी आईएएस बनने के लिए नहीं की, उतनी तैयारी इस बार बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए कर रहा हूॅ। सीईओ ने कहा कि क्या हमारा ईमान इतना नीचे गिर गया है कि हम देश को ऐसी पीढी दे रहे हैं, जो नकल करके तैयार हुई है।
जिला शिक्षा अधिकारी एसएन तिवारी ने बताया कि भिण्ड जिले में 98 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 42 परीक्षा केन्द्र अतिसंवेदनशील एवं 38 संवेदनशील है। इन परीक्षा केन्द्र पर पुलिस का सशस्त्र बल लगाया गया है। परीक्षा केन्द्र परिसर में केवल पासधारी व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *