पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर की एक बार फिर हालत बिगड़ गई है। थोड़ी देर में उन्हें एअरलिफ्ट करके दिल्ली के मेदांता अस्पताल ले जाया जाएगा ।डॉक्टरों की टीम उनके बंगले पर पहुंची है । वही मीडिया और भाजपा नेताओं का भी जमावड़ा लगा हुआ है। इसके पहले भी गौर की लोकसभा चुनाव के दौरान तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें बोलने में तकलीफ की वजह से भोपाल के नर्मदा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से ही वे बेड रेस्ट पर चल रहे है। हालत में सुधार नहीं होने के कारण उन्हें इलाज के लिए दिल्ली के मेंदाता अस्पताल ले जाया जा रहा है।
दरअसल, बाबूलाल गौर को अप्रैल के पहले सप्ताह में पैरालसिस अटैक आया था। काफी लंबे समय तक भोपाल के नर्मदा अस्पताल में उनका इलाज हुआ था। ब्रेन में क्लॉटिंग की वजह से गौर के कुछ अंग ठीक से काम नहीं कर रहे थे। आवाज भी लड़खड़ाने लगी थी। आराम मिलने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
बता दें कि 2 जून 1930 को उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ में जन्में बाबूलाल गौर भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वह गोविंदपुरा सीट से आठ बार भाजपा से विधायक रहे हैं। वह 23 अगस्त 2004 से 29 नवंबर 2005 तक मप्र में भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। इसके अलावा कई विभागों के मंत्री भी रहे हैं।
