बल्देवगढ। मध्यप्रदेश के खरगापुर से भाजपा विधायक राहुल सिंह लोधी की पजेरो गाडी ने बल्देवगढ मार्ग पर पपावनी गांव के पास बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर और तीसरे की झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना सोमवार की है। इससे गुस्साए लोगों ने टीकमगढ-बल्देवगढ मार्ग चार घंटे जाम रखा। वे विधायक पर एफआईआर दर्ज करने की मांग पर अडे रहे। बाद में प्रशासन की समझाइश पर जाम खत्म हुआ। राहुल सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती के भतीजे हैं। पुलिस ने विधायक पर धारा 304 ए (लापरवाही पूर्वक गाडी चलाने पर किसी की मौत होना), 279/337 और 184 में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मृतकों के परिजनों का आरोप है कि विधायक खुद गाडी चला रहे थे।
जबकि विधायक ने कहा कि इस मामले में विरोधी गांव वालों का सहारा लेकर मुझे फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। जबकि घटना से मेरा कोई लेना देना ही नहीं है। मृतक के परिजन बोले- विधायक खुद चला रहे थे गाडी ग्रामीणों के मुताबिक बृजेंद्र अहिरवार (28), रवि अहिरवार (27) तथा मदन अहिरवार (19) तीनों एक बाइक पर सवार होकर टीकमगढ से बल्देवगढ की तरफ जा रहे थे, तभी खरगापुर विधायक की गाडी ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक रवि के चाचा अच्छे लाल ने आरोप लगाया कि गाडी खुद विधायक राहुल चला रहे थे। झिनगुवां निवासी रवि दोस्तों के साथ निमंत्रण करने के लिए बरेठी ग्राम जा रहे थे।
भाजपा विधायक राहुल लोधी ने बताया कि मैं तो फुटेर में था। कार्यक्रम से फ्री होकर ड्राइवर विजय यादव से अपनी पजेरो बुलवाई। ड्राइवर ने बताया- पपावनी के पास दो ऑटो और एक बाइक पडी थी। वहां तीन घायल भी थे। भीड से निकलकर ड्राइवर पटरी पार कर फुटेर पहुंचा। उसने मुझे घटना की जानकारी दी और मैंने पुलिस को सूचित किया।
