ग्वालियर। मध्यप्रदेश के चंबल संभाग के भिण्ड शहर में कांवरियों से भरी तेज रफ्तार कार गौरी सरोवर में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीनों कांवरियों की मौत हो गई। हादसा आज सुबह 3 बजे के करीवन त्रयंवकेश्वर मंदिर के सामने हुआ। प्रत्यदर्शी का कहना है तीनों लोग उत्तरप्रदेश के श्रृंगीरामपुर से कांवर भरकर लाए थे। रात में कार से परिजन उन्हें लेने के लिए आए। गौरी सरोवर किनारे त्रयंवकेश्वर मंदिर के सामने कार पार्क की गई। परिजन कार से उतर गए। इसमें कांवर भरकर आए तीनों लोग आराम करने बैठ गए। इसी दौरान कार में सवार एक कांवरिए ने चाबी लगाई। कार स्टार्ट होकर आगे बढ़ी। कार रोकने ब्रेक लगाने के बजाए एक्सीलेटर दब गया। इससे कार तेज रफ्तार होकर गौरी सरोवर में जा गिरी। भिण्ड कलेक्टर छोटे सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कंचन, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) इकबाल मोहम्मद ने सर्च ऑपरेशन कर कार को बाहर निकाला।
महाशिवरात्रि पर्व के लिए भिण्ड जिले के भारौली खुर्द गांव से बृजमोहन सिंह राजावत 50 वर्ष, चंद्रभान सिंह राजावत 25 वर्ष, बृजकिशोर शर्मा 22 वर्ष उत्तरप्रदेश के श्रृंगीरामपुर के लिए रवाना हुए थे। तीनों रात डेढ बजे कांवर भरकर वापस लौटे। गांव से देर रात्रि को बृजमोहन सिंह के बेटे पंकज सिंह एंडुवर कार क्रमांक एमपी 21 सीए 0084 में मां विनीता देवी, दादी रामादेवी और चंद्रभान की मां ओमवती सिंह और पत्नी सपना सिंह को लेकर गौरी सरोवर किनारे आ गए। यहां त्रयंवकेश्वर मंदिर के सामने पंकज ने कार खड़ी कर दी। पंकज और परिजन कार से नीचे उतरकर बाहर खड़े हो गए। पंकज के पिता बृजमोहन सिंह, बृजकिशोर शर्मा थकावट दूर करने के लिए कार में बीच वाली सीट पर बैठ गए। आगे ड्राइवर सीट पर चंद्रभान सिंह बैठ गए।
चंद्रभान सिंह ने पंकज से कार की चाबी मांग ली। चाबी देकर पंकज परिजन के पास चले गए। इसी दौरान चंद्रभान सिंह ने कार में चाबी लगाई। कार स्टार्ट होकर आगे की ओर बढ़ी। कार को रोकने के लिए चंद्रभान ने ब्रेक लगाने चाहे, लेकिन गलती से पैर एक्सीलेटर पर चला गया। इससे कार करीब 100 की स्पीड से सरोवर में त्रयंवकेश्वर मंदिर के सामने बने घाट की ओर घूमकर सरोवर में जा गिरी। इस दौरान प्रत्यक्षदर्शी धर्मराज दौड़कर कालेश्वर मंदिर के पास पुलिस बल को मदद करने के लिए बुलाने दौड़े। धर्मराज ने ही पुलिस को सूचना दी। कार डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस बल आया। इस दौरान आसपास के लोगों ने रस्से के जरिए से कार को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी थी।
सरोवर में गिरी कार को निकालने के प्रयास के दौरान अंदर फंसे तीनों लोग बचाने के लिए चीख रहे थे। इस दौरान इन्होंने बाहर निकलने के लिए कार का शीशा तोड़ा। शीशा टूटते ही कार में पानी भरने लगा। इस दौरान परिजन और लोगों की आंखों के सामने तीनों कांवरियों की जिंदगी कार में भरे पानी में डूब गई। इससे तीनों की मौत हो गई।
इधर हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर छोटे सिंह, एएसपी संजीव कंचन, एसडीएम इकबाल मोहम्मद मौके पर आ गए थे। जब तक प्रशासन के अधिकारी व गोताखोर आए तीनों कांवरियों की मौत हो चुकी थी। तीनों के शवों का भिण्ड अस्पताल में अंतिम परीक्षण कराया गया तथा शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
