भोपाल। राजधानी में कोरोना वायरस बेकाबू होता जा रहा है। आज भोपाल में 6500 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 1637 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जबकि 8 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले मंगलवार को 6100 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें 1497 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। जबकि इलाज के दौरान 4 मरीजों की जान गई है। वहीं सोमवार को 5200 सैंपल की जांच में 1456 मरीज पॉजिटिव पाए गए थे और 5 मरीजों की मौत हुई थी। रविवार को भोपाल में 824 कोरोना संक्रमित मिले थे।

ऑक्सीजन चुनौती है, मैं इंकार नहीं करता

सीएम ने बुधवार को कहा कि हम दिन-रात व्यवस्थाएं बनाने में जुटे हैं। ऑक्सीजन चुनौती है मैं इंकार नहीं करता। आधा समय ट्रेकिंग करने में ही जा रहा है कि टैंकर कहां तक पहुंचा। कल 272 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की उपलब्धता थी आज बढ़ाकर 280 मीट्रिक टन कर पाए हैं। आॅक्सीजन के टैंकर पर पुलिस बिठाते हैं, समय पर पहुंच जाएं कहीं रोका टोकी ना हो।

उन्होंने कहा कि मैंने रेल मंत्री जी से आग्रह किया है कि राउलकेला-भिलाई से क्या पूरा ऑक्सीजन टैंकर मालगाड़ी पर चढ़ा कर भेजा जा सकता है। इससे थोड़ा समय भी बच जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन की उपलब्धता के लिए केंद्र सरकार भी सहयोग कर रही है। हमारा प्रयास है कि अनावश्यक आॅक्सीजन का उपयोग न हो। 

चार एयर कंसंट्रेटर यूनिट कंप्लीट

उन्होंने कहा कि हम 8 एयर कंसंट्रेटर यूनिट लगा रहे हैं। उज्जैन, शिवपुरी,खंडवा और सिवनी में चार यूनिट कंप्लीट हो गई हैं, वहां से आॅक्सीजन मिलने लगी है। आॅक्सीजन की 4 यूनिट पर और काम चल रहा है। मंदसौर, रतलाम, मुरैना, जबलपुर जिस तेजी से काम हो सकता है हम दिन रात करने की कोशिश कर रहे हैं।

राजधानी में 19 अप्रैल तक कोरोना कर्फ्यू 

भोपाल में सरकार ने 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक कोरोना कर्फ्यू यानी लॉकडाउन लगाया है। इस दौरान किराना दुकानों से होम डिलिवरी की सुविधा दी गई है। सब्जी और दूध की दुकानें खुल रही हैं। ठेले से भी सब्जी की बिक्री की जा रही है। बैंक और पेट्रोल पंप भी खुले रहे हैं। सभी तरह के व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं। लोगों के आवागमन पर प्रतिबंध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *