भोपाल। भोपाल में कोरोना संक्रमण का अब तक का सबसे बड़ा विस्फोट देखने को मिला है। यहां सोमवार को 1456 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जबकि 5 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 12 अप्रैल को भोपाल में 5200 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इससे पहले रविवार को भोपाल में 824 कोरोना संक्रमित मिले थे।
इससे पहले भोपाल में सोमवार को सरकार ने एक बार फिर 6 दिनों का कोरोना कर्फ्यू लगाया है। क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक में मिले सुझाव के आधार पर यह निर्णय लिया। इसमें भोपाल और बैरसिया नगर निगम क्षेत्र में आज रात 9 बजे से 19 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक कोरोना कर्फ्यू यानी लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान कुछ छूट भी दी जाएंगी। इसके अलावा, सरकार ने ऑक्सीजन सिलेंडर की किल्लत के बीच बड़ा फैसला लिया। गृह विभाग ने राजपत्र में अधिसूचना जारी कर बताया कि अब ऑक्सीजन लेकर जाने वाले टैंकर्स को एंबुलेंस माना जाएगा। और आपदा प्रबंधन में लगे वाहनों को भी इसी तरह छूट रहेगी।
आदेश में कहा गया है कि किराना दुकानों से होम डिलिवरी की जा सकेगी। सब्जी और दूध की दुकानें खुली रहेंगी। ठेले से भी सब्जी की बिक्री की जा सकेगी। बैंक और पेट्रोल पंप भी खुले रहेंगे। इसके अलावा, सभी प्रकार के व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। लोगों के आवागमन पर प्रतिबंध होगा। भोपाल में बीते 24 घंटे में 824 कोरोना संक्रमित मिले थे।
रविवार को मध्य प्रदेश में 24 घंटे में 6489 संक्रमित मिले थे। जबकि 37 लोगों की मौत हुई थी। एक दिन में इंदौर में रिकॉर्ड 923 केस आए थे। भोपाल में 824, ग्वालियर में 497 और जबलपुर में 469 संक्रमित पाए गए थे। 11 अप्रैल को 24 घंटे में 37 मौतें हुई हैं।
