मध्यप्रदेश में आंगनवाडियों में बच्चों को दिया जाएगा अण्डा- मंत्री इमरती देवी
भोपाल। प्रदेश की कमलनाथ सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने कहा है कि जल्द ही प्रदेश की आंगनबाडियों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं को खाने के लिए अंडा दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इसकी तैयारी कर ली गई है। अगले महीने से इसकी शुरुआत हो सकती है। भाजपा ने प्रदेश सरकार के इस फैसले को भावनाओं से खिलवाड करने वाला बताकर इसका विरोध शुरू कर दिया है।

मंत्री इमरती देवी ने कहा प्रदेश सरकार ने कुपोषण मिटाने के लिए ये फैसला लिया है। बीते 15 साल में इस दिशा में कोई खास काम नहीं किया गया। करोड़ों रुपए हर साल खर्च होने के बाद आज भी कुपोषण एक बड़ी समस्या के रूप में हमारे सामने खड़ी है। अंडा देने की शुरुआत आंगनबाडियों से की जाएगी।

इमरती देवी के बयान के बाद भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा है कि सरकार का ये फैसला प्रदेश की जनता की भावनाओं से खिलवाड करने वाला है। आंगनबाडियों में वह महिलाएं और बच्चे भी जाते हैं जो अंडा खाना तो दूर उसे छूते तक नहीं हैं। आंगनबाडियों में अंडा देने से यहां जाने वाले शाकाहारी लोग इससे दूरी बना लेंगे। इस स्थिति में कुपोषण कम होने की जगह और बढ जाएगा।

देश को कुपोषण मुक्त करने के लिए यूपीए सरकार 2013 में आगंनबाडियों और मिड डे मील में बच्चों को अंडा देने की वकालत की थी। उस समय भाजपा सरकार वाले राज्यों ने उस समय उसे अनसुना कर दिया। जबकि, देश के कुछ राज्यों में बच्चों को दूध और अंडा दोनों ही दिए जा रहे है। पिछले महीने छत्तीसगढ़ में इस योजना को लागू किया गया तो भाजपा ने इसका विरोध किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *