भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेरेंसिंग जरिए प्रदेश में कोरोना की स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण रोकने के लिए मास्क जरूरी है। हर व्यक्ति मास्क लगाए, इसके लिए सीख देने के साथ सख्ती भी जरूरी है। शिवराज ने कहा कि मास्क को लेकर सघन जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। सभी प्रचार माध्यमों का उपयोग किया जाए। ऐसा माहौल बने कि हर व्यक्ति मास्क लगाने के लिए स्वत: प्रेरित हो। मास्क न लगाने पर जुर्माना लगाया जाए और कुछ समय के लिए ओपन जेल में भी रखा जाए। इसके साथ ही रोज जनता को अस्पताल में बेड्स की उपलब्धता की जानकारी दी जाए।
शिवराज ने यह भी कहा कि जिन शहरों में रविवार को लॉकडाउन है, वहां भी वैक्सीनेशन का कार्य किया जाएगा। 45 वर्ष से ज्यादा आयु के व्यक्ति अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन लगवा सकेंगे। शिवराज ने कहा कि आगामी गणगोर आदि त्यौहार घर पर ही मनाएं। सार्वजनिक रूप से त्यौहार मनाने और मेलों आदि की अनुमति नहीं होगी। निजी अस्पताल कोरोना उपचार के लिए शासन द्वारा निर्धारित फीस ही लें, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सभी जिलों में कोरोना के उपचार के लिए पर्याप्त संख्या में बेड्स की उपलब्धता के साथ प्रतिदिन इसकी जानकारी मीडिया, सोशल मीडिया के जरिए जनता को दी जाए। वैक्सीनेशन संबंधी जानकारी भी दी जाए। सीएम के साथ बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी विवेक जौहरी, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा आदि उपस्थित थे।
मप्र में 20369 एक्टिव केस
मध्य प्रदेश में 20,369 एक्टिव केस हैं। प्रदेश की पिछले 7 दिनों की औसत पॉजिटिविटी रेट 10.1 प्रतिशत है। तुलनात्मक रूप से संक्रमण में देश में मध्य प्रदेश आठवें स्थान पर है।
इन जिलों में 20 से ज्यादा नए केस
जिलावार समीक्षा में पाया गया कि इंदौर में 708, भोपाल में 502, जबलपुर में 205, ग्वालियर में 120, उज्जैन में 89, रतलाम में 79, खरगोन में 74, बड़वानी में 72, छिंदवाड़ा में 71, बैतूल में 65, कटनी में 50, झाबुआ में 47, शाजापुर में 47, विदिशा में 44, अनूपपुर में 40, सागर में 38, नीमच में 37, धार में 36, बालाघाट में 34, देवास में 34, रायसेन में 29, खंडवा में 28, नरसिंहपुर में 27, शिवपुरी में 27, गुना में 25, शहडोल में 25 तथा होशंगाबाद में 23 कोरोना के नए केस आए हैं।
